थाना शहर क्षेत्र के अधीन आने वाली एक कालोनी में एक युवक पर नाबालिग से रेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।
थाना शहर क्षेत्र के अधीन आने वाली एक कालोनी में एक नाबालिग को उसका पड़ोसी पुन्नी बहला-फुसलाकर ले गया। लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह बहादुरगढ़ की एक फैक्टरी में मेहनत मजदूरी करता है और शहर में किराये के मकान में रहता है। जब वह फैक्टरी से शाम को घर लौटा तो उसे अपनी बेटी नहीं मिली। इस पर उसे चिंता हुई और वह उसे आसपास ढूंढने के लिए निकल पड़ा। काफी देर तक बाद वह घर लौटा तो सामने से उसकी बेटी रोते हुए पहुंची। जब उसने अपनी बेटी से रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि उसका पड़ोसी पुन्नी उसे चीज दिलाने के बहाने ले गया और उसके साथ गलत काम किया। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है लेकिन उसका अभी कोई अता-पता नहीं चल पाया है। थाना शहर एसएचओ विष्णु प्रसाद का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।