बेरी रोड पर नहर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल झज्जर भेजा। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिवानी जिले के बामला गांव निवासी सुनील पुत्र मंगतराम ने झज्जर के बेरी गेट में घर के सजावटी सामान की दुकान की हुई थी। शुक्रवार की शाम के समय अपनी दुकान बढ़ा कर घर जा रहा था। जब वह धौड़ गांव से आगे नहर के पास पहुंचा तो एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। जहां से शनिवार सुबह पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मुस्लिम मृतक के परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसका सुराग लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ओमपाल, जांच अधिकारी, पुलिस थाना बेरी।