नारनौल-चंडीगढ़ मार्ग स्थित सांजरवास गांव के समीप शनिवार रात एक ट्रक और कार भिड़ गई। जिसमें इको कार सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक का पोस्टमार्टम रविवार सुबह पीजीआई रोहतक में कराया गया। बौंदकलां थाना पुलिस ने घायलों के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक युवक रोहतक के सुखपुरा चौक का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार चरखी दादरी के वार्ड -15 निवासी विवेक अपने दोस्त बिजेंद्र व सुखपुरा चौक निवासी निशांत राठी के साथ इको कार में सवार होकर शनिवार रात दादरी से रोहतक की तरफ जा रहे थे। रात करीब नौ बजे जब वो सांजरवास और सांवड़ के बीच रोहतक की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कार सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने तीनों को बौंदकलां सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद तीनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने पर चिकित्सकों ने निशांत (37) को मृत घोषित कर दिया जबकि बिजेेंद्र और विवेक का वहां उपचार किया गया। विवेक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, शनिवार रात हादसे की सूचना पाकर बौंदकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने देर रात पीजीआई पहुंचकर शव को डेड हाउस में रखवाया। पुलिस ने घायलों के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। रविवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने विवेक के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।