गुरुग्राम चौक पर ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के बयान पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव ढांसा निवासी राजेंद्र के रूप में हुई है। राजेंद्र अपने एक परिचित के साथ बादली के गुरुग्राम चौक पर चाय पीने के लिए गया था। जब वह सड़क पार कर रहा था तो एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से राजेंद्र को झज्जर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सड़क दुर्घटना में मौत का ग्रास बना राजेंद्र बादली के टीआरएच स्कूल में चपरासी की नौकरी करता था। राजेंद्र के साथ आए संजय ने पुलिस को बताया कि वह चाय पीने के लिए गुरुग्राम चौक पर पहुंचे ही थे कि एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने राजेंद्र को कुचल दिया। राजेंद्र को गंभीर चोटें आई, जिसके चलते उन्हें झज्जर के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि संजय की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।