झज्जर। जसौर खेड़ी हाल बहादुरगढ़ के सेक्टर-2 निवासी एक व्यक्ति से ठगों ने पार्ट टाइम जाॅब के बहाने 14.51 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने युवक से कई बार में रुपये ट्रांसफर कराए थे। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बहादुरगढ़ के गांव जसौर खेड़ी निवासी ललित गौतम ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। 25 जनवरी 2025 को उसके फोन पर टेलीग्राम के माध्यम से एक लिंक आया जिसको उसने क्लिक कर लिया। इसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया गया जिसमें पार्ट टाइम जॉब के लिए लिखा था।
इसके बाद उससे रजिस्ट्रेशन फीस के लिए 11 फरवरी को 1,999 रुपये डलवा लिए। इसके बाद उसके बैंक खाते में 2,399 रुपये वापस आ गए। ज्यादा रुपये वापस आने पर उसको विश्वास हो गया। इसके बाद उन्होंने कहा कि उसकी आईडी बनेगी उसके लिए उसको 6,999 रुपये और देने पडे़ंगे।
उसने अपने बैंक खाते से 11 फरवरी को 6,999 व 32,599 रुपये डलवा लिए। इसके बाद उन्होंने उससे कहा कि प्रोडक्ट चयन करने में आपसे एक गलती हो गई है इसलिए उसको और पैसे देने पडे़ंगे इसके बाद उसने 12 फरवरी को 49,425 रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसी तरह ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन से 15 फरवरी तक 13.60 लाख और डलवा लिए।
इसके बाद उन्होंने कहा कि उसकी आईडी में अब तक की जमा राशि जो आई है उसकी लिमिट पूरी हो चुकी है। अब उसको एक अलग आईडी बनवानी पडे़गी इस पर उसे शक हुआ कि उसके साथ उन अनजान व्यक्तियों ने ठगी करके कुल 14.51 लाख रुपये ठग लिए हैं। पुलिस ने इस संबंध में शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना साइबर झज्जर में एफआईआर दर्ज कर ली है।