बहादुरगढ़। उपमंडल के गांव दहकोरा मेें रेलवे फाटक के पास सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार रोहित (24) की मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव दहकोरा निवासी रोहित रोहद स्थित एक पैकेजिंग कंपनी में कार्यरत थे। रोहित चार माह की बेटी के पिता थे। रविवार को छुट्टी के बाद अपने घर जा रहे थे। रेलवे फाटक पार करने के बाद जब वह दहकोरा की ओर बढ़े तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्हें बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद पत्नी प्रियंका के बयान दर्ज किए। रोहित परिवार के इकलौता पुत्र थे। करीब दो साल पहले उनकी शादी हुई थी।
-
कार-ऑटो की टक्कर में चार घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। लाइनपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बराही में कार और ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक सहित चार लोग घायल हो गए। कार चालक को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बराही निवासी कुलदीप ने कहा है कि वह ऑटो चलाते हैं। रविवार रात करीब आठ बजे बहादुरगढ़ से ऑटो लेकर अपने गांव के लिए चले थे। ऑटो में उनकी मां, गांव का निवासी सुरेश और एक लड़की सवार थी। जब गांव में पहुंचे तो एक कार ने सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद वह मौके से अपनी गाड़ी छोडक़र भाग गया। हादसे में चारों को चोट आई। राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया। लाइनपार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।