झज्जर। तलाव गांव के पास बेसहारा पशु की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपनी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार तलाव गांव निवासी 37 वर्षीय सत्येंद्र कौशल निगम के तहत गांव के ही जलघर में कार्यरत था। वह बुधवार रात को ड्यूटी खत्म करके मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव में पहुंचा तो बेसहारा पशु ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस कारण सत्येंद्र सड़क पर जा गिरा और उसकी मौत हो गई। मृतक सत्येंद्र शादीशुदा था। उसका एक बेटा है।
झज्जर सदर थाने से आए जांच अधिकारी हैडकांस्टेबल सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तलाव गांव में बेसहारा पशु की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हुई है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के ताऊ के लड़के समुद्र के बयान पर इत्फाकिया कार्रवाई की है।