झज्जर। गांव ढाकला में युवक पर फर्राटा गिरने के बाद करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान करीब 26 वर्षीय उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत निवासी अनुज के रूप में हुई है।
अनुज मजदूरी का काम करता था। वह गांव ढाकला में एक किराए के मकान में रह रहा था। शनिवार की रात को सोते समय अनुज के ऊपर फर्राटा गिर गया। इस दौरान उसको करंट लगा। इसके बाद उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। वहीं रविवार को पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
एएसआई जिले सिंह ने बताया कि गांव ढाकला में एक युवक की करंट लगने से मौत होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। वहीं रविवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।