फोटो 72: उत्साहवर्धक गीतों पर झूमते कैंसर रोगी।
बादली (बहादुरगढ़)। किसी की मुस्कुराहट पर हो निसार...गीत के बोल शुरू होते ही बाढ़सा स्थित नेशनल कैंसर संस्थान (एनसीआई) के श्री भाऊराव देवरस न्यास विश्राम सदन में मौजूद 200 कैंसर पीड़ित और उनके सहायक झूम उठे। कैंसर रोगियों के लिए यहां हरियाली तीज पर्व का आयोजन किया गया।
विश्राम सदन के प्रबंधक राम बहादुर सिंह ने बताया कि उत्साहवर्धक गानों का उद्देश्य कैंसर अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों और उनके सहायकों के चेहरों पर खुशी लाना रहा। गानों के दौरान मरीजों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी देखकर संतोष मिला है। कई कैंसर रोगी तो स्टेज के पास पहुंचकर नाचने लगे।
कैंसर की चौथी स्टेज से गुजर रही एक युवती ने तो जमकर डांस किया, जिसे देखकर परिजन भी कुछ देर के लिए कैंसर का दर्द भूल गए। भविष्य में इस तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सदन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन मरीजों का दर्द बांटने के लिए किया गया।
विश्राम न्यास के अखिल भारतीय उप सचिव डाॅक्टर योगेंद्र मलिक, संचालन समिति से अनिल बंसल, नर्सिंग ऑफिसर नंद भंवर और गुरुग्राम से आए कलाकार गीतकार सीए जय कुमार ने रोगियों और परिजनों को खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम की शुरूआत भाऊ राव देवरस और भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर डाॅक्टर योगेंद्र मलिक ने भवराव देवराज सेवन न्यास पूरे भारत में चल रहे प्रकल्प के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर गुरुग्राम के महापौर राजलक्ष्मी मल्होत्रा और तिलक राज मल्होत्रा रहे। मौके पर जय कुमार भुवाना, प्रसेनजीत मुखर्जी, आनंदिता मुखर्जी, केडी शर्मा, डाक्टर उमेश सहगल और अनिल मुखर्जी ने एक से बढ़कर एक सदाबहार पुराने फिल्मी गीत गाए।