साल्हावास। भुरावास गांव में नहर में डूबने से महिला की मौत हो गई। बुधवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा गया। भुरावास गांव निवासी 37 वर्षीय निशा हर रोज सुबह मंदिर जाती थी। मंगलवार सुबह भी वह मंदिर गई थी। मंदिर से थोड़ी दूरी पर नहर है, जहां महिला हाथ धोने के लिए गई थी। वह पैर फिसलने से नहर में गिर गई और डूबने से मौत हो गई। कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब महिला घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने साल्हावास थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने सर्च अभियान चलाया तो नहर के पास मृतक महिला की चप्पलें मिलीं। इसके बाद पुलिस ने नहर में तलाशी की और ग्रामीणों की मदद से महिला के शव को नहर से बाहर निकाला। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों ने बताया कि महिला का एक बेटा और एक बेटी है जबकि पति जमालपुर गांव में दवाइयों का स्टोर चलाता है। जांच अधिकारी एसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। संवाद