झज्जर। बूढ़ा महादेव मंदिर के पास रहने वाली महिला कलावती को छत पर कपड़े सुखाने के दौरान बुधवार को बंदरों ने काट लिया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने महिला को उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
इन दिनों कुत्तों, बैल व गायों के साथ-साथ बंदरों का आतंक भी बढ़ा हुआ है। आए दिन कोई न कोई व्यक्ति इनकी चपेट में आ जाता है, लेकिन इसके बाद भी नगर परिषद के अधिकारियों का इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं है। बुधवार को महिला को बंदरों ने पैर व दो जगह बाजू पर काटा है।
महिला ने अपने आपको बचाने का प्रयास किया तो महिला पैर फिसलने के कारण गिर गई। इसके चलते महिला को माथे पर गंभीर चोटें आई है। हालांकि, बुधवार शाम को महिला को पीजीआई रोहतक से उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसको लेकर हरियाणा व्यापार मंडल का प्रतिनिधित्व जल्द ही जिला उपायुक्त से मुलाकात करेगा ताकि जल्द ही कुत्तों और बंदरों को पकड़ने का समाधान निकाला जा सकें।