बहादुरगढ़। गांव रोहद में एक तेज रफ्तार बाइक एक मासूम बच्ची को 20 मीटर दूर तक घसीट ले गई। इसमें बच्ची की मौत हो गई और उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। आसौदा थाना पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। मंगलवार को गमगीन माहौल में मासूम बच्ची के शव का पोस्टमार्टम हुआ।
बिहार के जिला समस्तीपुर निवासी विपिन कुमार रोहद में परिवार सहित किराये पर रहते हैं। वह और उसकी पत्नी फैक्टरी में काम करते हैं। सोमवार की शाम को उसकी पत्नी ड्यूटी से घर आई। इसके बाद वह अपनी आठ वर्षीय बेटी रवीना के साथ बाजार में सब्जी आदि खरीदने जा रही थी।
वह कमरे से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंची ही थी कि एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गई। बाइक काफी दूर तक रवीना को घसीटती ले गई। दोनों को गंभीर चोट आई और उन्हें बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां रवीना को मृत घोषित कर दिया गया।
शाम को बहुत खुश थी रविना : अस्पताल में मौजूद परिचितों ने बताया कि शाम को रवीना बहुत खुश थी। उसने नए कपड़े पहने थे और कह रही थी कि मम्मी के साथ चाउमिन लेने जाउंगी। हमें नहीं पता था कि उसके चेहरे की यह आखिरी मुस्कान होगी। कुछ ही देर बाद घर से निकलते ही हादसे का शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन युवक सवार थे और नशे की हालत में थे। उन्हें भी हादसे में चोट आई है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।