जींद। मैढ सुनार सभा ने सेक्टर छह में स्थित सुनार धर्मशाला में अजमीढ देव महाराज की जयंती मनाई। जयंती समारोह में मुख्य अतिथि सुमेर चंद वर्मा ने कहा कि जिस समाज की युवा पीढ़ी शिक्षित होगी, उस समाज मे बुराइयां अपने आप समाप्त हो जाएगी।
सभा के प्रधान सत्यनारायण सोनी की अध्यक्षता में महाराज अजमीढ देव के निर्माणाधीन मंदिर में हवन करके समाज में शांति व भाईचारा बनाए रखने की भगवान से प्रार्थना की और भंडारे का भी आयोजन किया गया।
उन्होंने सुनार समाज के आदिगुरु अजमीढ देव महाराज की स्वर्णकला का उल्लेख करते हुए स्वर्णकार व्यापार के साथ-साथ अपनी हस्तकला को महत्व देने पर जोर दिया। महाराज अजमीढ देव के मंदिर व धर्मशाला के निर्माण के लिए मैढ सुनार सभा की प्रंशसा करते हुए समाज के सभी लोगों का आगे आकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने अजमीढ देव मंदिर और धर्मशाला निर्माण के लिए समाज के लोगों को भी एक ईंट एक रुपये के नियम को अपनाने की अपील की। उन्होंने धर्मशाला प्रांगण में बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध करवाने का भी आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित लोगों को सभा के महासचिव राममेहर वर्मा ने कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम व नशे की रोकथाम के लिए नशा नहीं करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज जरूरत यह है कि हमें समाज के सबसे नीचे स्तर पर जीवन यापन करने वाले लोगों तक पहुंचकर शिक्षा का अलख जगाना होगा ताकि शिक्षा प्राप्त करके समाज आगे बढ़ सके।
सभा के वरिष्ठ पदाधिकारी नरेश सोनी ने समाज में नशे के बढ़ते खतरों पर जनता को जागरूक करते हुए नशे की बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। जयंती समारोह में एक प्रस्ताव पारित कर स्वर्णकला बोर्ड गठित करने के लिए सरकार से मांग भी की।
इस अवसर पर सुरेश वर्मा नांगलोई, रमेश, ललित वर्मा, सतीश वर्मा, रतन सिंह, विनोद वर्मा, सत्यनारायण सोनी, बनारसीदास वर्मा, राजकुमार सोनी, रमेश वर्मा, इंद्र सिंह वर्मा, नरेश सोनी, राममेहर वर्मा, राधेश्याम वर्मा, रामकुमार वर्मा मौजूद रहे।
05जेएनडी17 : कार्यक्रम में मौजूद नेता। संवाद