31jjrp19- सिविल अस्पताल में उपचाराधीन बच्चा। संवाद
झज्जर। शहीद रमेश कुमार राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में छठीं के छात्र की एक शिक्षक ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे छात्र की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
बीते दिनों स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्रों का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़ा देख शिक्षक ने दोनों बच्चों को डांटा। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने एक बच्चे को तो केवल डांटकर छोड़ दिया जबकि उनके बेटे को बेरहमी से डंडों से मारा। इससे उसके शरीर पर निशान बन गए।
आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे को धक्का भी दिया। इससे बच्चा बेंच से टकरा गया। घर पहुंचकर बच्चे ने सारी बात बताई। दर्द से तड़पता देख उसे परिजन सरकारी अस्पताल ले गए।
इधर, शुक्रवार को स्कूल स्टाफ के सदस्य अस्पताल में बच्चे और उसके परिजनों से मिलने पहुंचे। शिक्षकों ने भविष्य में ऐसी गलती न होने की बात परिवार से कही है।
वर्जन-
-बच्चे आपस में शरारत कर रहे थे। इस पर शिक्षक ने उनको डांटा था। डंडों से नहीं मारा है। आज परिवार से मिलकर आए हैं। बच्चा पूरी तरह से ठीक है। शिक्षक को भी ऐसा नहीं करने के लिए कहा गया है।
-जोगेंद्र सिंह, प्रिंसिपल।