बहादुरगढ़। कुलासी से निलोठी मार्ग की मरम्मत कार्य में नेताओं की नारियल फोड़ राजनीति हावी हो गई है। एक सड़क के दो-दो बार मरम्मत कार्य का शुभारंभ कर दिया गया। इसी सड़क का तीन अप्रैल को विधायक राजेश जून द्वारा नारियल फोड़कर शुभारंभ किया जा चुका था। अब उसी कार्य का मंगलवार को भाजपा नेता दिनेश कौशिक और मार्केट कमेटी चेयरमैन विनोद कौशिक ने नारियल फोड़कर शुभारंभ किया है। एक ही सड़क के दो-दो बार शुभारंभ ने विकास कार्यों को मजाक बना दिया है।
करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबे मार्ग की विशेष मरम्मत पर एक करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि जब काम पहले ही शुरू हो चुका था तो दोबारा शुभारंभ की जरूरत क्यों पड़ी? स्थानीय लोगों में इसे लेकर चर्चा है और इसे श्रेय लेने की सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में दिनेश कौशिक और विनोद कौशिक ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के दावे किए। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं विनोद कौशिक ने पिछले 11 वर्षों में विकास के बड़े-बड़े दावे भी किए। कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन प्रदीप गुप्ता, जेई निशांत सैनी, ठेकेदार सुरेंद्र सहित कई लोग मौजूद रहे।