बहादुरगढ़। शहर में सीवर लाइन की समस्या के निदान के लिए जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने 80 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा है। ग्रीवेंस कमेटी सदस्य जसबीर सैनी ने सीएम नायब सैनी से मुलाकात कर इस बजट को जल्द से जल्द मंजूर कराने की मांग की है। बजट मिलते ही शहर में अनेक स्थानों पर नई सीवर लाइन डालने का काम किया जाएगा।
इस संबंध में ग्रीवेंस कमेटी मेंबर जसबीर सैनी ने चंडीगढ़ संत कबीर कुटीर में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की। सैनी ने इससे पहले मुख्यमंत्री से अमृत योजना-2 के तहत बहादुरगढ़ शहर के लिए बजट की मांग की थी। अब नई सीवर लाइन डलवाने के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये जल्द स्वीकृत करने की मांग की। सैनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि बहादुरगढ़ शहर में काफी लंबे समय पहले आबादी के हिसाब से सीवर लाइन डाली गई थी, जो दूसरे दिन ओवरफ्लो रहती है। इस कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है इसलिए नई सीवर लाइन बेहद जरूरी है क्योंकि शहर की आबादी कई गुणा बढ़ चुकी है जिसके लिए नई सीवर लाइन डलवानी बहुत जरूरी है क्योंकि बहादुरगढ़ शहर में नई कलोनी भी विकसित हुई है जिसमें बहादुरगढ़ शहर का लाइनपार एरिया भी आता है इसलिए विभाग ने सीवर समस्या के स्थाई समाधान के लिए लगभग पूरे क्षेत्र को कवर किया है। वहीं इस बजट में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जल्द ही बहादुरगढ़ शहर के पानी, सीवर का बजट स्वीकृत किया जाएगा ताकि जनता को लाभ मिले।
-फोटो 55 : मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलकर बजट की मांग करते ग्रीवेंस कमेटी मेंबर जसबीर सैनी।