झज्जर रोड पर गांव दुल्हेड़ा के निकट शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घायलों को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है।
दुल्हेड़ा निवासी हरीश, दिल्ली के गांव बवाना निवासी कुलदीप और फवीन एसेंट कार में सवार हो दुल्हेड़ा से बहादुरगढ़ की और आ रहे थे। वे अपने दुल्हेड़ा से चले ही थे कि चालक का कार के संतुलन बिगड़ गया। इससे कार एक पेड़ से जा टकराई। घटना में कार को बड़ी क्षति पहुंची और तीनों कार सवारों को गंभीर चोटें आई। राहगीरों ने और सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों व गांव के अन्य लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन जब तक घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया तब तक 23 वर्षीय हरीश की मौत हो चुकी थी। उसके शरीर में गंभीर चोटें आने से काफी मात्रा में खून बह गया। जबकि कुलदीप (35) और फवीन (40) भी गंभीर रूप से घायल हुए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई आरंभ की। दोनों घायलों को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया और हरीश के शव को नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ के शव गृह में रखवा दिया गया। हरीश के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को होगा। पुलिस ने हादसे की सूचना दर्ज कर ली है।