बहादुरगढ़। जसौर खेड़ी गांव में आंबेडकर भवन में 15 लाख से चहारदीवारी और दो कमरों का निर्माण करवाया जाएगा। विधायक राजेश जून ने नारियल फोड़कर बुधवार को आंबेडकर भवन की नींव रखी। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया और गांव में शुरू हुए विकास कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
विधायक राजेश जून ने बताया कि गांव में करीब 3,000 गज जमीन पर आंबेडकर भवन की परिधि में चहारदीवारी व दो कमरों का निर्माण किया जाएगा। इस पर 15 लाख रुपये की लागत आएगी।
विज्ञापन
यह प्रारंभिक चरण है और भविष्य में अतिरिक्त बजट लाकर भवन तैयार किया जाएगा जिससे ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
जून ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सहयोग से बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। बहादुरगढ़ के विकास से जुड़े प्रस्तावों को मुख्यमंत्री द्वारा त्वरित मंजूरी मिल रही है जिसके चलते क्षेत्र में आए दिन नए विकास कार्यों का शुभारंभ और उद्घाटन हो रहा है।