अमर उजाला ब्यूरो
बादली। राष्ट्रीय आपदा सुरक्षा बल (एनडीआरएफ) की ओर से मंगलवार को बादली स्थित चौधरी धीरपाल कॉलेज में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में छात्रों को आपदा में बचाव करने के तौर तरीकों की जानकारी दी गई। गाजियाबाद एनडीआरएफ के कमांडर विपिन प्रताप सिंह की टीम ने रासायनिक आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल कर बचाव से अवगत करवाया। दुर्घटना के समय रक्तस्राव को रोकने, घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार करने, हृदयाघात रोगी को तत्काल ऑक्सीजन देने के साथ-साथ भूकंप, बाढ़ सहित अन्य महामारी से बचाव के उपाय बताए। साथ ही विपिन प्रताप सिंह ने बताया कि आपदा के समय जहां तक हो सके बिना तकनीकी परामर्श के किसी भी चीज से छेड़छाड़ न करें क्योंकि कई बार अनजाने में बचाव करने वाला ही बड़ी दुर्घटना का कारण भी बन सकता है। आपातकालीन स्थिति में घरेलू वस्तुओं का इस्तेमाल कर जीवन बचाया सकता है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगमाल कौशिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छात्रों को बताया कि एनडीआरएफ प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के लिए विशेष प्रतिक्रिया के प्रयोजन के लिए गठति हैं। इसमें बीएसएफ, सीआरपीएफ, इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस और सीआईएसएफ के जवान पांच साल के लिए डेपुटेशन पर आते हैं। कार्यक्रम में छात्रों सहित प्राध्यापक भी मौजूद रहे।