अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। असंगठित क्षेत्र के मजदूर, कामगार या कोई घरेलूू सेवक भी अब साठ साल की आयु पार करने के पश्चात पेंशन का हकदार हो सकता है। यह संभव है प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से। दादरी जिला में अब तक सात हजार के करीब लोग श्रम योगी पेंशन योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। भविष्य में और भी लोगों को इस योजना के दायरे में लाया जा सके इसी उद्देश्य से मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्रम योगी सम्मेलन का अहमदाबाद से लाइव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दादरी में इस लाइव कार्यक्रम की अध्यक्षता की उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने की और बाढढ़ा के युवा विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी मुख्य रूप तौर पर उपस्थित रहे। नगराधीश विरेंद्र सिंह, दादरी नगरपरिषद के चेयरमैन संजय छपारिया,मार्केट कमेटी के चेयरमैन चंद्रपाल सांगवान ने भी शिरकत की।
भविष्य निधि व श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित हुए इस कार्यक्रम में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना का अहमदाबाद से सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी ने योजना का विधिवत रूप से शुभारंभ होने पर विभाग के अधिकारियों व उपस्थित श्रमिकों को बधाई दी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि दादरी जिला में 174 सीएससी सेंटर काम कर रहे हैं और इन सभी पर आधार कार्ड, बैंक पास बुक व मोबाइल फोन के जरिए पंजीकरण करवाया जा सकता है। पेंशन प्राप्ति के दौरान अभिदाता का निधन हो जाने की स्थिति में उसकी पत्नी या पति को पेंशन का आधा लाभ दिया जाएगा। कार्यक्रम में पंजीकरण करवाने वाले लाभार्थियों को विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी व उपायुक्त ने योजना के कार्ड भेंट किए। इस मौके पर सराहनीय कार्य करने वाले सीएससी सेंटर संचालकों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में श्रम विभाग के सहायक आयुक्त विश्वप्रीत हुड्डा ने अतिथिगण का आभार व्यक्त किया। सभागार में श्रमिकों के पंजीकरण का भी कार्य किया गया। कार्यक्रम में पीएफ विभाग के क्षेत्रीय निदेशक केसी जोशी, सिविल सर्जन डॉ. विरेंद्र यादव,अशोक कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी निर्मल शर्मा, गीता सहारण, सीएससी प्रभारी विक्रम, राधे वर्मा, जिला सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारी अमित लांबा, एडवोकेट कुलवंत, राजेंद्र परमार, कर्मबीर व ओमबीर आदि मौजूद थे।