नप कर्मचारी सिर्फ लगाएंगे झाड़ू, एजेंसी करेगी कचरे का उठान
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। शहर को स्वच्छ बनाने में आड़े आ रही संसाधनों व सफाई कर्मियों की कम संख्या को देखते हुए नगर परिषद अब एजेंसी की मार्फत सफाई कराएगी। पहले नगर परिषद की प्लानिंग केवल 10 वार्डों का ठेका देने की थी लेकिन अब इसमें विस्तार कर सभी 21 वार्डों को शामिल किया गया है। इन वार्डों में नगर परिषद कर्मचारी केवल झाडू लगाएंगे और कचरे का उठान निजी एजेंसी के कर्मचारी की करेंगे। अगले सप्ताह इसके लिए नप अधिकारी टेंडर कॉल करेंगे और इस संबंध में सरकार के पास भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।
चरखी दादरी नगर परिषद इस समय संसाधनों की कमी से जूझ रही है। आलम यह है कि नप के पास खुद का कार्यालय तक नहीं है। वहीं, शहर की स्वच्छता के लिए नगर परिषद के पास न तो पर्याप्त संसाधन है और न ही सफाई कर्मचारी। वहीं, शहर का दायरा व गलियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है लेकिन कर्मचारियों व संसाधनों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। यहीं, कारण है कि शहर की सफाई व्यवस्था बेपटरी ही नजर आती है।
करीब दो माह पहले नगर परिषद चेयरमैन ने अधिकारियों व पार्षदों से मंथन करने के बाद 10 वार्डों की सफाई का ठेका निजी हाथों में सौंपने की योजना बनाई थी। इस संबंध में पार्षदों की रजामंदी मिलने पर प्रस्ताव भी पास किया गया था। गत शुक्रवार को आयोजित परिषद हाउस की बैठक में पिछली प्लानिंग में फेरबदल किया गया है। चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि जल्द ही दस नहीं बल्कि सभी 21 वार्डों की सफाई का ठेका निजी हाथों में सौंपा जाएगा। इसके लिए बैठक में प्रस्ताव भी पास हो चुका है जो कि एक-दो दिन में ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह ही इसके लिए टेंडर कॉल भी कर दी जाएगी और एजेंसी की मार्फत ही पूरे शहर से कचरे का उठान कराया जाएगा।
60 टन निकलता है शहर से प्रतिदिन कूड़ा
शहर में 21 वार्ड हैं और आबादी करीब 75 हजार है। वहीं, मकानों की संख्या करीब 30 हजार है। शहर के बाजारों व वार्डों से प्रतिदिन औसतन 20 ट्रॉली कचरे का उठान किया जाता है। सेनेटरी इंस्पेक्टर विजय शर्मा ने बताया कि एक ट्रॉली में ढाई से तीन टन कचरा आता है और इस लिहाज से प्रतिदिन करीब 60 टन कचरा शहर की सड़कों, गलियों व घरों से निकलता है।
ये है नप के पास संसाधन
- पांच टीपर
- तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली
-200 सफाई कर्मचारी
- एक लोढर
- तीन सफाई दरोगा
- 100 हाथ रेहड़ी
- 100 डस्टबिन
डंपिंग प्वाइंटों की कराई जाएगी चारदीवार
शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर परिषद ने डंपिंग प्वाइंटों की चारदीवारी कराने की योजना भी तैयार की है। ये डंपिंग प्वाइंट अलग-अलग वार्डों में बने हुए हैं और लोग यहां कूड़ा डालते हैं, जिसे बाद में नप कर्मचारी उठा ले जाते हैं। इस समय चारदीवारी न होने से हवा के झोंके के साथ कूड़ा उड़कर सड़कों पर फैल जाता है।
10 की बजाय अब सभी 21 वार्डों से डोर-टू-डोर कचरा उठान का ठेका एजेंसी को हम देंगे। हमारे कर्मचारी वार्डों में केवल झाडू लगाएगें जबकि एजेंसी कर्मचारी ही कूड़े का उठान करेंगे। इसके लिए जल्द हम टेंडर कॉल कर देंगे और सीएम को भी हाउस बैठक में पास किया गया प्रस्ताव भेजा जाएगा।
- संजय छपारिया, चेयरमैन, नगर परिषद