यातायात नियमों की अवहेलना कर रहे वाहन चालकों पर कसा शिकंजा
अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों पर ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कसने का प्रयास किया। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अवहेलना कर रहे 50 वाहन चालकों के चालान किए। इनमें 3 स्कूल बस भी शामिल रहीं।
ट्रैफिक कोर्डिनेटर एवं सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार की देखरेख में सहायक उप निरीक्षक बलजीत, दिलबाग, संजीव कुमार व उनकी टीम ने पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह के सामने से नियमों की अनदेखी करने वालों पर चालान काटने व उनको नियमों की पालना सुनिश्चित करने को लेकर अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटे तक उक्त टीम ने झज्जर मोड़ चौक तक अपनी कार्रवाई की। ट्रैफिक कोर्डिनेटर एवं सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि इस अभियान के दौरान 50 वाहनों के चालान काटे गए। यही नहीं चालकों को नियमों की पालना सुनिश्चित करने को लिए भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अधिकांश वाहन चालक रेस्ट हाउस कट से रोंग साइड से वाहन निकालते हैं। इसके अलावा ड्राइविंग के दौरान अंडर-ऐज, क्षमता से अधिक बसों में सवारियां बैठाने, स्कूल बस, दुपहिया वाहन के चालान काटे गए। उन्होंने बताया कि यह अभियान अब लगातार जारी रहेगा ताकि सड़क पर कोई दुर्घटना न हो और लोगों को जाम से भी मुक्ति मिल सके। साथ में ट्रैफिक नियमों की पालना भी हो सके। अभियान में आरएसओ सतीश शर्मा, इंद्रनाथ चुघ, प्रवीण शर्मा, प्रवीण कुमार भी शामिल थे।
बॉक्स
सड़क किनारे बनाई जाएगी पीली पट्टी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दिल्ली-रोहतक रोड पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए अब सड़क के दोनों तरफ पीली पट्टी खीचीं जाएगी। एक तरफ डिवाइडर से लेकर सड़क के बीच में 22 फुट जगह छोड़कर यह पट्टी खीचीं जाएगी। इस पर जो भी व्यक्ति अपने वाहन को पार्किंग करेगा उसका न केवल चालान होगा बल्कि क्रेन से गाड़ी भी जब्त की जाएगी। जल्द ही दिल्ली-रोहतक रोड पर सेक्टर-9 बाइपास ड्रेन पुल से लेकर सेक्टर-6 की पहली पुलिया तक यह पट्टी लगाई जाएगी।