अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
स्वच्छता सर्वेक्षण में ज्यादा से ज्यादा अंक हासिल करने के लिए नगर परिषद ने अब अंत में आकर पार्षदों का सहयोग मांगा है। नगर परिषद ने सभी पार्षदों को पत्र लिखकर अपने-अपने वार्ड में ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वच्छता मैप एप डाउनलोड कराने की अपील की है। नप अधिकारियों का कहना है कि सर्वे में ज्यादा नंबर हासिल करने के लिए स्वच्छता मैप एप ज्यादा से ज्यादा लोगों के मोबाइल फोन में डाउनलोड होनी चाहिए। नगर परिषद शहर में सफाई अभियान जोरों पर चलाए हुए हैं, ऐसे में अगर स्वच्छता मैप एप और नागरिकों की फीडबैक ठीक ढंग से नंबर दिला पाती है तो बहादुरगढ़ इस बार अच्छी रैंकिंग हासिल कर पाएगा।
एप पर डाले जा सकेंगे गंदगी के फोटो, सफाई दरोगा करवाएगा सफाई
पार्षदों को लिखे पत्र में नप के सचिव ने बताया कि स्वच्छता मैप एप डाउनलोड कराने में पार्षद नप का सहयोग करें। अगर यह सभी वार्डों में लोगों के मोबाइल पर अपलोड होगी तो गंदगी की सफाई तुरंत कराई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इस एप पर गंदगी के फोटो डाले जा सकेंगे। एप पर फोटो डालते ही यह फोटो संबंधित सफाई दरोगा के मोबाइल पर चला जाएगा। वह गंदगी की शिकायत मिलने पर तुरंत वहां की सफाई करवाएगा। इसीलिए उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों के मोबाइल पर इस एप को डाउनलोड करवाएं।
सहयोग के लिए लिखा पत्र : सचिव
नप के सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि स्वच्छता रैंकिंग में नंबर दिलाने के लिए सभी पार्षदों से सहयोग मांगा है। उन्होंने अपील की है कि पार्षद ही नहीं बल्कि अपने शहर को स्वच्छ रखने के लिए हर शहरवासी भी आगे आए और सफाई में अपना योगदान दें।