अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर के सेक्टर-9 के लोगों को अब अच्छी पुस्तकें पढ़ने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। सेक्टर के सामुदायिक केंद्र में रविवार से नई पब्लिक लाइब्रेरी की शुरुआत हो गई। इसका उद्घाटन विधायक नरेश कौशिक ने किया।
लाइब्रेरी के उद्घाटन के मौके पर विधायक कौशिक ने कहा कि पुस्तकें इंसान की सबसे अच्छी मित्र होती हैं। इनमें इतिहास, धर्म और राजनीति के अलावा विज्ञान आदि के रहस्य समाए हैं, जो इंसान को ज्ञान का प्रकाश देकर जीवन को रोशन करते हैं। इससे पहले सेक्टर में पहुंचने पर लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान का भंडार हैं और यह इंसान को अज्ञानता के अंधकार से निकाल सही रास्ता दिखाने में मदद करती हैं। उन्होंने लोगों को पुस्तकालय का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विधायक ने वार्ड 19 में भी विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
यहां उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अब तक के शासन में हर वर्ग को साथ लेकर विकास की राह पर आगे बढ़ने का प्रयास किया गया है। इसके चलते ही अब तक उनके हल्के में अलग-अलग विकास योजनाओं पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। कई योजनाएं धरातल पर साकार हो चुकी हैं, जबकि कुछ आने वाले समय में जल्द पूरा होने जा रही हैं। राज्य सरकार सबका साथ सबका विकास करने के लिए गंभीरता से आगे बढ़ रही है। इस दौरान विधायक के साथ पार्षद कविता गोयल, जसवीर सैनी व श्रीराम खटोड़ आदि कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।