कहानी प्रतियोगिता में प्रिया और भावना ने मारी बाजी
चरखी दादरी।
गांव असावरी स्थित डीएसएम पब्लिक स्कूल में जूनियर व सीनियर वर्ग में वीरवार को अंग्रेजी कहानी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग में विवेकानंद सदन से प्रिया प्रथम, भगत सिंह सदन से तमन्ना द्वितीय व सुभाष सदन से धर्मेंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सीनियर वर्ग में सुभाष सदन से भावना प्रथम, चेतना द्वितीय व दीपिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। निदेशक अरूण सांगवान ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों को सराहा व विजेता छात्रों को सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत बताया।
उन्होंने कहा कि हमें अपने लक्ष्यों को हमेशा स्पष्ट व अपने सामने रखना चाहिए। यदि हमारे दिमाग में हमेशा अपना लक्ष्य रहेगा तो कोई भी ताकत हमें सफल होने से नहीं रोक सकती। प्रधानाचार्य सुखबीर सांगवान ने कहा कि कहानी संसार की सबसे प्राचीन विधा है। आज के समय में अंग्रेजी भाषा का महत्व काफी बढ़ गया है। इसे अंतरराष्ट्रीय भाषा के रूप में जाना जाता है। इस अवसर पर कार्यकारिणी सचिव अधिवक्ता अजय सांगवान, भूपेंद्र, सुरेंद्र कोच, राजकुमार, दलबीर, संदीप, सरोज, रेणु आदि उपस्थित थे।