अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के बाद बहादुरगढ़ शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। तीन दिनों तक रोडवेज की बसें चंडीगढ़, सिरसा व पंजाब तक नहीं जाएंगी। वहीं, स्कूल और कॉलेज भी तीन दिनों तक बंद रखने के प्रशासनिक आदेश दिए गए हैं। शहर के सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ दिल्ली बार्डरों व डाबौदा खुर्द में स्थित नाम चर्चा घर पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फिलहाल यहां पर किसी तरह का तनाव नहीं है। स्थिति पूरी तरह से सामान्य है, लेकिन फिर भी पुलिस प्रशासन इस दिशा में किसी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहता है। साथ ही प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर चल रहे मैसेजों पर नजर रखी जा रही है। बल्क मैसेज भेजने वालों पर भी प्रशासन की खास निगाह है।
कहां-कहां तैनात हैं पुलिस कर्मी
बहादुरगढ़ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से 100 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें पहला नाका दिल्ली सीमा में टिकरी बार्डर पर लगाया गया है। दूसरा प्वाइंट सेक्टर-9 मोड़ पर, चौकसी के लिए तीसरा नाका झाड़ोदा बार्डर नजफगढ़ रोड पर लगाया गया है। इसके अलावा निजामपुर रोड़ पर भी पुलिस की तैनाती की गई है। इनमें होमगार्ड्स, महिला पुलिस कर्मचारी व हरियाण पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। शहर में भी स्थिति पर नजर रखने के लिए झज्जर मोड़, रेलवे रोड़ मोड़, नजफगढ़ मोड़, बस स्टेंड, सेक्टर-6 के नजदीक, रोहद टोल प्लाजा पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। झज्जर रोड़ के सामने रोडवेज की बस में काफी पुलिसकर्मी शुक्रवार को पूरा दिन तैनात रहे। रेलवे स्टेशन पर भी आरपीएफ व जीआरपी के जवानों ने मोर्चा संभाले रखा। तीन दिनों तक यहां पुलिस इसी तरह तैनात रहेगी।
इंटरनेट सेवा भी रहेगी बाधित
साध्वी यौन शोषण मामले में कोर्ट 28 अगस्त को डेरा प्रमुख की सजा का ऐलान करेगी। ऐसे में तीन दिनों तक रोडवेज बसें पंजाब, सिरसा और चंडीगढ़ तक नहीं जाएंगी। इंटरनेट सेवा भी तीन दिनों तक बहाल नहीं हो पाएगी।
टिकरी बार्डर और रोहद टोल पर ये अधिकारी रहे मौजूद
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के बाद टिकरी बार्डर व रोहद टोल प्लाजा पर डीएसपी भगतराम, एसएचओ सिटी प्रदीप कुमार, एमआईई चौकी के इंचार्ज के अलावा एसडीएम जगनिवास, तहसीलदार नरेंद्र दलाल, बीडीपीओ रामफल के अलावा अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाले रखा। रोहतक जेल में डेरा प्रमुख राम रहीम सिंह को रखने के बाद यहां पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी हो गई है।
तीन दिनों तक लगे रहेंगे शहर में नाके : गर्ग
एसडीएम जगनिवास और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से इस मामले में लोगों से शांति की अपील कर रहा है। किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए महिला पुलिस कर्मचारी व होमगार्डों को भी तैनात किया गया है।