अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
स्वतंत्रता दिवस पर कई स्थानों पर नेताओं की बड़ी लापरवाही सामने आई। क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग पार्टियों के नेताओं द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर झंडे तो फहराए गए, लेकिन कहीं पर झंडा उल्टा फहरा दिया गया तो कहीं शराब की दुकान के आगे झंडा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज की मर्यादा का ख्याल नहीं किया गया। शहर के कई स्थानों पर झंडे तो फहराए गए। मगर झंडा फहराने वालों ने यह नहीं देखा कि झंडा उल्टा है या सीधा और न ही जगह को सही ढंग से चुना गया।
परनाला रोड पर राम नगर में काली मंदिर के पास इनेलो के वरिष्ठ नेता कर्मबीर राठी ने झंडा फहराया। राठी ने जो झंडा फहराया वह उल्टा फहराया गया। खास बात यह है कि वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति को ये पता ही नहीं चला कि झंडा उल्टा है। इसका पता लोगों को उस समय लगा, जब झंडे फहराने की फोटो सोशल साइट्स पर अपलोड कर दी गई। जिस समय यह फोटो फेसबुक, व्हाट्सएप पर वायरल हुई। उसी दौरान लोगों ने भी कमेंट भेजने शुरू कर दिए। इससे इनेलो नेता की काफी किरकिरी हुई।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने ठेके के पास फहराया झंडा
जहां एक तरफ देश 71वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे को सम्मान देने में जुटा था और भाजपा सरकार भी हर जगह तिरंगा यात्रा निकाल कर लोगों को देश भक्ति का संदेश देने में लगी है। दरअसल डॉ. भीमराव अंबेडकर संघर्ष सेवा समिति लाइनपार की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मगर जहां पर झंडा फहराने पर कार्यक्रम रखा गया। वहां पर समिति पदाधिकारियों ने यह नहीं देखा कि यहां पर शराब ठेका है और झंडे को शराब ठेके के पास ही फहरा दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल रहे। उन्होंनेे देश की आन, बान और शान तिरंगा झंडा शराब ठेके के पास ही फहरा दिया।