बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल, बरसाती पानी उतरा तो सड़कें कम गड्ढे ज्यादा नजर आए
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सोमवार को एक घंटे की झमाझम बारिश और मंगलवार को हुई बूंदाबांदी से सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। यानि शहर में सीवरेज सिस्टम और पानी निकासी व्यवस्था कैसी है, इसका अंदाजा दो दिनों में हुई बारिश से सामने आ गया है। दो दिन बाद जब शहर की प्रमुख सड़कों से बरसाती पानी सूखा तो बारिश के साइड इफैक्ट नजर आए। शहर की अंदरूनी सड़कों पर गहरे गड्ढे बने नजर आए और फोरलेन, रेलवे रोड और परशुराम चौक के पास तो हालात सबसे खराब मिले। रेलवे रोड और फोरलेन तो इस बरसात के बाद कंडम ही हो गई। बारिश का पानी जमा होने से फोरलेन का जहां डिवाइडर की टाइलें तक उखड़ गई तो रेलवे रोड पर हर दस कदम के बाद गड्ढ़ा नजर आ रहा है। जिला प्रशासन ने भी जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर संज्ञान लेते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग व नगर परिषद को तुरंत प्रभाव से इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दे दिए हैं। एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने रेलवे रोड पर जाकर हालात का जायजा भी लिया।
गौरतलब है कि शहर में इस समय सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। हालांकि जन स्वास्थ्य विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है लेकिन व्यवस्थाओं के अभाव में पानी निकासी का पुख्ता प्रबंध नहीं हो पा रहा है। वैकल्पिक तौर पर जन स्वास्थ्य विभाग गलियों व सड़कों पर जमा पानी को शहर में इधर से उधर कर रहा है। सोमवार व मंगलवार को हुई बरसात के बाद शहर में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। सोमवार को जहां करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई थी तो वहीं मंगलवार को कुछ देर के लिए बूंदाबांदी हुई थी। इसके बावजूद मंगलवार देर शाम तक सड़कों व गलियों पर पानी जमा था। मंगलवार देर शाम जन स्वास्थ्य विभाग ने अतिरिक्त मोटरें लगाकर मुख्य सड़कों के पानी की निकासी कर दी।
यहां ये हुआ हाल
शहर की ज्यादातर सड़कों की हालत खस्ता हो गई। रेलवे रोड व रोहतक रोड पर तो एक-एक फुट का गड्डा बना नजर आया। शहर के फोरलेन पर डीएसपी और एसडीएम आवास के सामने सड़क पर गड्ढा बन गया है जोकि कभी भी हादसों का सबब बन सकता है। वहीं, परशुराम चौक से निकलते ही डिवाइडर भी बरसात के चलते क्षतिग्रस्त हो गया। कमोबख्श यही हालात रेलवे रोड के भी है। रोहतक फाटक से लेकर रेलवे स्टेशन तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पर दर्जनों गड्ढ़े बन गए हैं। नगर परिषद अधिकारी जल्द ही इस सड़क की कायाकल्प कराने की बात कह रहे हैं। एसडीएम ने नगर परिषद अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क का पुन: निर्माण करवाने के निर्देश दिए हैं।
वर्जन: मैंने सड़कों को दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दे दिए हैं। इसके अलावा जन स्वास्थ्य विभाग को बरसात के दौरान पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश भी दिए गए है। जिला प्रशासन बारिश के चलते शहरवासियों को किसी भी तरह की परेशानियां नहीं आने देगा और इसके लिए हम प्रयासरत है।
ओमप्रकाश देवराला, एसडीएम
वर्जन:
रेलवे रोड का इस्टीमेट हमने तैयार कर लिया है। इसे हमने सीएम घोषणा में शामिल किया है। हैड ऑफिस से तकनीकी मंजूरी मिलने वाली है और जल्द ही इस पर काम हम शुरू करवा देंगे। -संजय यादव, सचिव नगर परिषद
फोटो 21
परशुराम चौक पर बारिश का पानी जमा होने से बने गड्ढ़े।
फोटो 22
नई अनाज मंडी के समीप महेंद्रगढ़ रोड पर उखड़ी रोडियां।
फोटो 23
फोरलेन पर बरसाती पानी जमा होने से बना गहरा गड्ढ़ा व गुजरता बाइक सवार।
फोटो 24
रेलवे रोड पर बने गहरे गड्ढ़े से बचकर निकलता बाइक सवार।
फोटो 25
सचिव संजय यादव।
फोटो 26
एसडीएम ओमप्रकाश देवराला।