अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
12वीं का परीक्षा परिणाम आने के बाद अब विद्यार्थी महाविद्यालयों में दाखिलों की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए वे लगातार कॉलेजों से दाखिलों से संबंधित अपडेट भी ले रहे हैं। मंगलवार से दाखिले होने थे लेकिन अब दाखिले 8 जून से ऑनलाइन शुरू होंगे। जोकि प्रक्रिया 30 जून तक जारी रहेगी।
अभिभावक हों या विद्यार्थी हर कोई यह जानना चाहता है कि कौन सा कॉलेज बेहतर रहेगा या फिर किस कॉलेज में कौन से संकाय हैं। महाविद्यालयों में कितनी-कितनी सीटें हैं। महाविद्यालयों से मिली जानकारी के अनुसार उच्चतर शिक्षा विभाग से मिली हिदायतों के अनुसार दाखिलों की प्रक्रिया 8 जून से ऑनलाइन शुरू कर दी जाएगी।
बालोर रोड पर स्थित राजकीय महाविद्यालय में सत्र 2017-18 के लिए दाखिलों की प्रक्रिया 8 जून से शुरू होगी और 30 जून तक चलेगी।
प्राचार्या अनीता गहलोत ने कहा कि विद्यार्थी कालेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। इस वर्ष से छात्राएं भी बीए पास कोर्स और बीकॉम पास कोर्स में प्रवेश ले सकती हैं। कॉलेज में बीए, बीकॉम पास कोर्स आनर्स, बीएसएसी मेडिकल, नॉन मेडिकल, बीबीए, बीसीए संकाय चलाए जा रहे हैं। महाविद्यालय में बीकॉम आनर्स, बीबीए, बीसीए, बीएससी मेडिकल, नॉन मेडिकल में छात्राएं पहले से ही पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में आवश्यक विषयों के अलावा वैकल्पिक विषयों अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, भूगोल, गणित, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थ शास्त्र, संगीत (गायन), गृह विज्ञान एवं शारीरिक शिक्षा आदि विषयों की सुविधा है। महाविद्यालय में भाषा लैब और कंप्यूटर लैब की भी व्यवस्था है। शारीरिक शिक्षा विषय के अलावा खेलकूद की भी व्यवस्था है।
महाविद्यालय में हैं कितनी सीटें
बीए प्रथम वर्ष (सुबह) : 320
बीए प्रथम वर्ष (शाम) : 360
बीकॉम प्रथम वर्ष (आनर्स) : 60
बीकॉम प्रथम वर्ष (पास) : 120
बीबीए प्रथम वर्ष : 60
बीसीए प्रथम वर्ष :60
बीएससी प्रथम वर्ष नॉन मेडिकल : 120
बीएससी प्रथम वर्ष मेडिकल : 60
- 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन