बहादुरगढ़। शराब की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में अपराध जांच शाखा द्वितीय टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सूर्या नगर इलाके में शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। यहां अलग-अलग ब्रांड की 838 पेटी शराब और 36 पेटी बीयर सहित 8 गाड़ियां कब्जे में ली गई हैं।
पकड़ी गई अवैध शराब की कीमत लाखों रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी भिवानी तो दूसरा मूल रूप से सोनीपत, हाल निवासी दिल्ली का रहने वाला है। आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-6 में अभियोग दर्ज किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी भी शामिल है। उसकी तलाश की जा रही है। सीआईए-2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर विवेक मलिक को दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित सूर्या नगर में अवैध शराब के गोदाम के संबंध में जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत टीम गठित कर मौके पर भेजी। इस दौरान सूर्या नगर स्थित एक गोदाम के बाहर खड़े कैंटर को काबू किया गया। जांच शुरू की गई तो उसमें भारी मात्रा में शराब मिली। इसके बाद जब टीम गोदाम के अंदर पहुंची तो वहां भी सात गाड़ी खड़ी मिली। यहां कैंटर में शराब मिली। बाकी गाड़ियां खाली थी। जांच की तो गोदाम के अंदर और बाहर मिले दोनों कैंटरों से कुल 838 पेटियां देशी शराब और 36 पेटियां बीयर की मिली। पव्वों की सभी पेटियां अलग-अलग तीन ब्रांड की हैं। मौके पर मिले दो लोगों को काबू किया गया। इनकी पहचान विजयपाल निवासी रूपगढ़, भिवानी तो दूसरे की पहचान मनस्वी निवासी मूल रूप से सोनीपत और हाल निवासी फ्रेंड्स एंक्लेव मुंडका (दिल्ली) के रूप में हुई ह। प्रारंभिक जांच में मुख्य आरोपी का नाम योगेंद्र उर्फ योगी आया है। यह गांव आसौदा का रहने वाला है। यह सोनीपत से शराब की गाड़ियां मंगवाकर यहां सूर्या नगर स्थित अपने गोदाम में स्टॉक करता है। इसके बाद छोटी गाड़ियों के जरिये शराब दिल्ली सहित अन्य इलाकों में सप्लाई कर दी जाती है। पकड़ा गया आरोपी विजयपाल इसकी गाड़ी चलाता है और मनस्वी मुंशी के तौर पर काम करता है। मामले में और कौन-कौन शामिल हैं, पुलिस इसका पता लगा रही है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-6 थाने में केस दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी योगेंद्र उर्फ योगी की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
सूर्या नगर इलाके से अवैध शराब की खेप पकड़ी है। आठ गाड़ियां कब्जे में ली गई हैं। इनमें से दो गाड़ियों में शराब की 838 पेटी (पव्वा) तथा बीयर की पेटी 36 पेटी बरामद हुई है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी काबू किया जाएगा।
-विवेक मलिक, इस्पेक्टर, इंचार्ज सीआईए-2 बहादुरगढ़