बहादुरगढ़। शॉर्ट सर्किट और फॉल्ट की वजह से बिजली के तारों से निकल रही चिंगारियां किसानों के अरमानों पर पानी फेर रही हैं। शुक्रवार को भी बिजली की चिंगारी ने इलाके के चार गांवों की लगभग 300 एकड़ गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दी। इस दौरान रोहतक और बहादुरगढ़ की पांच गाड़ियों के सहारे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अपनी मेहनत को यूं जलता देख किसानों में रोष पनप गया। गुस्साए किसानों ने गांव मांडोठी में बहादुरगढ़-बेरी रोड पर जाम लगा दिया। दोपहर करीब तीन बजे गांव मातन के खेतों में आग लगी। नजदीक अन्य खेतों में कटाई कर रहे किसानों की नजर पड़ी तो उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए। ट्रैक्टर-टैंकरों से पानी डालकर आग बुझाने के प्रयास किए गए लेकिन तेज हवा के कारण आग फैलती चली गई। देखते ही देखते गांव मातन के कई एकड़ गेहूं की फसल आग की चपेट में आ गई। मातन से लगभग दो किलोमीटर दूर सिलोठी व मांडोठी के खेतों तक आग फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद बहादुरगढ़ से तीन और एक गाड़ी रोहतक से बुलाई गई। काफी मशक्कत के बाद करीब साढ़े चार बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड में दर्ज किसानों के लिखित बयान के मुताबिक, सिलोठी में 105, मातन में 83 व मांडोठी में 57 एकड़ फसल जलकर नष्ट हुई है। इसमें कई एकड़ फांस भी जले हैं। कुछ ऐसे किसान भी हैं, जिन्होंने अभी नुकसान का बयान नहीं दिया है। वहीं गांव डाबोदा में भी लगभग 25 एकड़ फसल जलकर राख हुई है। गांव मांडोठी में तो एक रेपर मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मंडी ले जाने के लिए तैयार की गई गेहूूं से भरी एक ट्रॉली भी जल गई।
डाबोदा में जली साढ़े 25 एकड़ की फसल
उधर, गांव डाबोदा में भी टांडाहेड़ी मार्ग के साथ लगते खेतों में आग लग गई। यहां दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग लगने से प्रवीण, सुरेंद्र की चार-चार एकड़, कृष्ण की तीन एकड़, रामनिवास, रणधीर, राहुल, राजकुमार, प्रवीण व रवींद्र की एक-एक, मलखान व रोहताश की दो-दो व हरबीर की ढाई एकड़ फसल जलकर राख हो गई। जबकि नवीन व नरेश की चार-चार बीघा फसल जली। वहीं, किसान तो आग लगने का कारण बिजली के तारों से निकली चिंगारी को बता रहे हैं लेकिन फायर ब्रिगेड ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मौके पर गए टीम इंचार्ज अशोक ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मांडोठी में किसानों ने बेरी-बहादुरगढ़ मार्ग पर लगाया जाम
आग लगने की यह घटना खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली के तारों से चिंगारी निकलने से हुई। शाम को जब मातन व मांडोठी के किसान अपने घरों की तरफ जा रहे थे तो अचानक फिर से तारों से स्पार्किंग हुई। पहले से ही आहत किसानों को जब चिंगारी दिखी तो उनमें रोष पनप गया। इसके बाद गुस्साए किसानों ने गांव मांडोठी में बेरी-बहादुरगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। किसानों ने कहा कि कड़ी मेहनत और खून-पसीना एक करके किसान फसल पैदा करता है और जब उसका सपना पूरा होने वाला होता है तो किसी की लापरवाही उनके अरमानों पर पानी फेर देती है। खेतों से गुजरने वाली बिजली के तारों से अक्सर किसानों को नुकसान होता है, अब भी यही हुआ। सरकार जल्द से जल्द गिरदावरी करा उन्हें उचित मुआवजा दे। जाम की सूचना पर मांडोठी चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस व मौजिज लोगों के समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया।