झज्जर। सरकार द्वारा एनएचएम कर्मचारियों को बर्खास्त करने की कार्रवाई किए जाने के बाद भी आंदोलनरत कर्मचारियों के तेवर कम नहीं पड़ रहे हैं। बर्खास्त कर्मचारियों ने सामान्य अस्पताल परिसर में डेरा डाला हुआ है और वह हर रोज सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भी झज्जर में स्वास्थ्य विभाग के इन बर्खास्त एनएचएम कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान इन कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकाली और बाद में शहर भर में प्रदर्शन करते हुए पुतले को फूंका। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार एनएचएम कर्मचारियों की मांगों को लेकर हठधर्मिता अपना रही है। जल्द ही सरकार ने इस मामले में उनकी मांगों को नहीं सुना तो उनका आंदोलन और ज्यादा उग्र होगा। इसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी।