अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए अब तक के सबसे बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने वाले जैश-ए-मोहम्मद के संरक्षक पाकिस्तान के खिलाफ पूर्व सैनिक सूबेदार शिव कुमार की अध्यक्षता में सड़कों पर उतरकर शहीद राव तुलाराम चौक से प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए आंबेडकर चौक पर पाकिस्तान के झंडे को जलाया।
शहीद स्मारक पर प्रदर्शन को समाप्त करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सबका सैनिक संघर्ष कमेटी के जनरल सेक्रेटरी कपिल फौजी सिलानी ने बताया कि पुलवामा आतंकी हमले में 40 जवानों की शहादत व्यर्थ न जाए। पूर्व सैनिकों ने कहा कि देश की जनता को एक सिर के बदले एक हजार चाहिए तो सरकार हमें वापस बुला ले। हम अपने साथियों का बदला लगे।
गो रक्षा दल के अध्यक्ष सोनू महाराणा ने कहा कि इस आतंकी घटना को लेकर पूरे देश मे आक्रोश है और युवाओं की भुजाएं तो पाकिस्तान से दो-दो हाथ करने के लिए फडफ़ड़ा रही हैं। सारी समस्या की जड़ 370 है। सरकार उसे को हटा दे तो पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देंगे, क्योंकि पाकिस्तान बातों से नहीं लातों से मानेगा। चुनाव को रोक दो और पाकिस्तान को ठोक दो ।
जवानों को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग
कैप्टन राजेंद्र ने कहा कि देशभर में करीब 28 लाख पूर्व सैनिक हैं। सरकार को युद्ध के लिए सैनिकों की जरूरत हो तो पूर्व सैनिक सीमा पर जाने को तैयार हैं। हवलदार सतनारायण गोदारा ने पुलवामा में शहीद 40 जवान को शहीद का दर्जा देने की मांग की। कैप्टन छत्र सिंह यादव ने कहा पूर्व सैनिकों ने केंद्र सरकार के प्रति भी रोष जताया कि चुनाव आचार संहिता से पहले 40 जवानों को संविधान तौर पर शहीद का दर्जा मिले।
कश्मीर का विशेष दर्जा हो खत्म
हवलदार हवासिंह का कहना है कि सरकार को तत्काल प्रभाव से कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म कर देना चाहिए सेना और पूर्व सैनिक सरकार के साथ हैं। इस अवसर पर हवलदार बलवंत सिंह, नवीन, हवलदार धर्मपाल सिंह, हवलदार देवर्त सिंह, सूबेदार ओमप्रकाश, हवलदार सूबे सिंह, सार्जेंट विष्णु पंडित, भगतसिंह ब्रिगेड बजरंग डावलिया, दीपक तलाव, हवलदार प्रकाश यादव, देवी सिंह फौजी, मेशी फौजी सिलानी, हवलदार सुंदर सिंह, जगदीश गुलिया, हवलदार कृष्ण, दफेदार जगबीर सिंह, सूबेदार जय प्रकाश, अतर सिंह फोजी,सार्जेंट राजेन्द्र सिंह, नरेश फौजी, कैप्टन जय सिंह राठी वीर चक्र, कैप्टन छत्र सिंह आदि मौजूद रहेे।