अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। गांव बुपनियां स्थित जयवीर अखाड़े में वीरवार से इंटर अखाड़ा एवं जिला केसरी कुश्ती दंगल शुरू हो गया। पहले दिन महिलाओं की कुश्तियां हुईं। मांडोठी की बहू रितु मलिक दलाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला केसरी का टाइटल अपने नाम किया, वहीं छारा की प्रीति ने अपने ही गांव की प्रियंका को हराकर जिला कुमारी का खिताब जीता। अब शुक्रवार व शनिवार को पुरुष पहलवान खिताब के लिए आमने-सामने होंगे।
खेल विभाग की ओर से बुपनियां के जयवीर अखाड़े में तीन दिवसीय इंटर अखाड़ा और जिला केसरी, कुमार/कुमारी दंगल का आयोजन किया गया है। इस दौरान जिला कुमारी के लिए फाइनल में छारा गांव की प्रियंका और प्रीति के बीच मुकाबला हुआ। इसमें प्रीति ने जीत दर्ज की। वहीं, जिला केसरी के लिए मांडोठी की बहू रितु मलिक दलाल और दुल्हेड़ा की पहलवान आमने-सामने हुई। इस मुकाबले में रितु ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। दंगल में मौजूद खेल विभाग के अधिकारियों ने खिताब जीतने वाली दोनों पहलवानों को सम्मानित किया। जीत के साथ ही प्रीति और रितु ने हरियाणा केसरी दंगल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह दंगल कैथल में 24 से 27 फरवरी तक होगा। कोच जयवीर, संजय, सुदेश, सज्जन सिंह, देवेंद्र, बद्धू पहलवान, राकेश सोंधी, सतपाल पहलवान, प्रकाश, श्रीभगवान, दीपे प्रधान और विजय सिलोठी आदि ने विजेता पहलवानों को जीत की बधाई दी व हरियाणा केसरी दंगल में जीत दर्ज करने का आशीर्वाद दिया। कोच जयवीर ने बताया कि शुक्रवार व शनिवार को पुरुष पहलवानों के मुकाबले होंगे। उधर, विजेता रितु ने अपनी जीत का श्रेय पति श्रीभगवान व परिजनों को दिया।