मनीष कुमार
बहादुरगढ़। हंगरी में 22 अक्तूबर से शुरू हो रही वर्ल्ड चैंपियनशिप में पूरी दुनिया गांव मांडोठी की बहू का कुश्ती दम देखेगी। दंगल गर्ल गीता फोगाट और एशियन चैंपियन नवजोत कौर को हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाली म्हारे जिले (झज्जर) की बहू आज मंगलवार हो हंगरी के लिए रवाना हो रही है। परिजनों और कुश्ती प्रेमियों की रितु से गोल्ड की उम्मीद है, वहीं रितु का कहना है कि देश के लिए गोल्ड मेडल के लिए जी जान लड़ा दूंगी।
आगामी 22 से 26 अक्तूबर तक हंगरी में वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। चैंपियनशिप में विश्व के पहलवान दम दिखाएंगे। भारतीय टीम के भी 30 पहलवान चैंपियनशिप के लिए तैयार हैं। यह दल मंगलवार को हंगरी के लिए रवाना होगा। वर्ल्ड चैंपियनशिप में झज्जर जिले से पहली बार कोई महिला पहलवान खेलने जा रही है। यह महिला पहलवान बेटी नहीं गांव मांडोठी की बहू रितु मलिक दलाल है। दरअसल, वर्तमान दौर में रितु मलिक दलाल 65 किलोग्राम फ्री स्टाइल में देश की सर्वश्रेष्ठ पहलवान है। गत जून माह में वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर लखनऊ में ट्रायल हुआ था। इस ट्रायल में रितु पत्नी श्रीभगवान ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दंगल गर्ल गीता फोगाट को 7-1 से तो एशियन चैंपियन नवजोत कौर को 5-1 से हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था।
देश के लिए गोल्ड जीतना ही लक्ष्य : रितु
अमर उजाला से बातचीत में रितु ने अपनी अब तक की सफलता का श्रेय पति और परिजनों को दिया है। रितु ने कहा कि पति के सहयोग से ही वह सफलता हासिल कर पा रही है। पति का साथ और परिजनों का आशीर्वाद लेकर मैं मंगलवार को रवाना हो रही हूं। हंगरी में पहले करीब डेढ़ सप्ताह का कैंप लगेगा। कैंप के बाद 22 को चैंपियनशिप शुरू होगी। वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने के लिए जी-जान लगा दूंगी। उधर, बहू के चयन पर ससुर मंगतराम भी गदगद हैं। मंगतराम ने कहा कि रितु बहुत अच्छी पहलवान है। पहले भी जीत दर्ज कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी है। उन्हें पूरा यकीन है कि रितु वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश के लिए मेडल जीतेगी।
आठ साल पहले शुरू की कुश्ती
महज 24 वर्षीय रितु ने करीब आठ वर्ष पहले कुश्ती का अभ्यास शुरू किया था। कुछ समय के अभ्यास में ही रितु की कामयाबी का सिलसिला शुरू हो गया। दो वर्ष पहले ही रितु का विवाह मांडोठी निवासी श्रीभगवान के साथ हुआ। शादी हुई तो रितु को पति के रूप में एक पहलवान साथी मिल गया। श्रीभगवान भी नेशनल मेडलिस्ट हैं। शादी के बाद रितु ने पति के साथ ही अभ्यास शुरू कर दिया। रितु नेशनल में 20, इंटरनेशनल में पांच मेडल जीतने के अलावा 10 बार भारत केसरी बन चुकी है।
रितु की उपलब्धियां
-सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड
-कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में गोल्ड
-नेशनल गेम्स में गोल्ड
-जूनियर नेशनल में गोल्ड
-एशियन चैंपियनशिप में मेडल
-ऑल इंडिया युनिवर्सिटी में गोल्ड
-सब जूनियर नेशनल में गोल्ड
-सब जूनियर एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर