फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर परिषद टीम ने राजकीय कन्या स्कूल का डंपिंग प्वाइंट किया साफ, कूड़ा डालते पकड़े जाने पर लगेगा 5 हजार तक का जुर्माना

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। काठमडी क्षेत्र स्थित राजकीय कन्या स्कूल के समीप लोगों और सफाई कर्मियों द्वारा बनाए अस्थाई डंपिंग प्वाइंट पर वीरवार को आखिरकार नगर परिषद के अधिकारियों ने संज्ञान ले लिया। सफाई निरीक्षक विजय शर्मा ने वीरवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे सफाई कर्मियों को सात सदस्यीय टीम भेजकर कूड़े का उठान करवा दिया। साथ ही इस क्षेत्र में तैनात सफाईकर्मियों और समीप रहने लोगों को यहां भविष्य में कूड़ा नहीं डालने की हिदायत दी गई है। अगर अब स्कूल के पास कोई कर्मचारी या स्थानीय लोग कूड़ा डालते पकड़े गए तो उससे 1000 से 5000 रुपये तक का जुर्माना वसूला जाएगा। इस आशय की पुष्टि नगर परिषद सफाई निरीक्षक ने की है।
विज्ञापन

अमर उजाला ने राजकीय कन्या स्कूल के समीप स्थानीय लोगों और सफाई कर्मियों द्वारा बनाए अस्थाई डंपिंग प्वाइंट के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। हैरत की बात तो यह थी कि बिना डंपिंग प्वाइंट होने के बावजूद नगर परिषद सफाई कर्मचारी तक यहां कूड़ा डाल रहे थे। अमर उजाला ने तीन अक्तूबर के संस्करण में ‘अंकल-आंटी प्लीज, हमारे स्कूल के समीप कूड़ा डालना बंद करो’ और चार अक्तूबर के संस्करण में ‘डंपिंग प्वाइंट से छात्राएं परेशान, स्कूल के पास कूड़ा डाल रहे लोग’ नामक शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इस पर नगर परिषद ने अधिकारियों ने संज्ञान लिया।
वीरवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे नगर परिषद कर्मियों की टीम राजकीय कन्या स्कूल के पास पहुंची। करीब 25 मिनट नप टीम ने यहां सफाई की करीब एक ट्रॉली कचरे का उठान कर दिया। साथ ही टीम ने स्थानीय लोगों को चेताते हुए कहा कि अगर भविष्य में यहां कूड़ा डालते कोई पकड़ा गया तो उससे नप टीम जुर्माना वसूलेगी। वहीं, सफाई निरीक्षक विजय शर्मा ने बताया कि जुर्माना के दायरे में नगर परिषद सफाई कर्मचारी भी शामिल होंगे और इस संबंध में उन्हें भी चेतावनी दे दी गई है। एक-दो दिन के अंदर यहां ही यहां कूड़ा न डालने संबंधी बोर्ड या पोस्टर लगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरवार के बाद से ही अगर कोई कूड़ा यहां डालता है तो उसकी सूचना नगर परिषद को दें।
विज्ञापन


लोगों के यहां कूड़ा डालने से स्कूल की करीब 600 से अधिक छात्राओं को आते-जाते समय परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। गत मंगलवार को छात्राओं ने इस संबंध में मोर्चा खोला था। उन्होंने गांधी गिरी दिखाते हुए लोगों से हाथ जोड़कर स्कूल परिसर के समीप कूड़ा न फैंकने की अपील की थी। इन छात्राओं ने काठमंडी क्षेत्र में डोर-टू-डोर किया था।


यहां बनाए गए डंपिंग प्वाइंट से आज नगर परिषद कर्मियों ने कूड़े का उठान कर दिया है। नगर परिषद को भविष्य में यहां कूड़ा डालने वालों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए। छात्राओं की समस्या का समाधान कराने के लिए अमर उजाला को पूरे स्कूल स्टाफ का थैंक्स। - श्रीभगवान, प्रधानाचार्य


कन्या स्कूल के पास अगर अब लोगों या सफाई कर्मियों ने कूड़ा डाला तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसा करते पकड़े जाने पर एक से पांच हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। एक-दो दिन में चेतावनी बोर्ड या बैनर भी हम यहां लगवा देंगे। -विजय शर्मा, सफाई निरीक्षक, नगर परिषद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें