सांसद सैनी की जनसभा की अगले दो माह के लिए स्थगित
बेरी। गांव दूबलधन में सांसद राजकुमार सैनी के कार्यक्रम को लेकर दोनों पक्षों के द्वारा पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें फैसला लिया गया कि अगले दो माह तक गांव में सांसद सैनी का कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। इससे पूर्व में सांसद का सबसे पहले 27 मई और फिर अब 10 जून का कार्यक्रम स्थगित हो चुका है। भविष्य में जनसभा कब होगी, इसकी तारीख भी अभी निश्चित नहीं की गई है। लेकिन इतना जरूर है कि गतिरोध के चलते सैनी की जनसभा का कार्यक्रम अगले दो माह के लिए टाल दिया गया है। इसी मसले को लेकर सोमवार को देर शाम गांव दूबलधन में दोनों पक्षों की पंचायत का आयोजन किया गया था। पंचायत में गांव की तीनों पंचायतों के सरपंच व उनके प्रतिनिधि के अलावा सांसद सैनी की जनसभा के आयोजक हरिशमशेर कौशिक व ब्राह्मण समुदाय के लोगों को भी बुलाया गया था। कैप्टन राज सिंह की अध्यक्षता में काफी देर तक चली इस पंचायत में दोनों ही पक्षों ने अपना-अपना पक्ष रखा।
विरोध जताने वालों का तर्क था कि सांसद सैनी पिछले लंबे समय से एक विशेष जाति के खिलाफ अपना जहर उगलते रहे हैं और यदि वह गांव दूबलधन में आते हैं तो इससे समाज का आपसी भाईचारा बिगड़ सकता है। उधर ब्राह्मण समुदाय की तरफ से हरिशमशेर कौशिक द्वारा पक्ष रखा गया कि समाज केवल भगवान परशुराम की जयंती कार्यक्रम में ही सांसद सैनी को बुलाना चाहता है। उनका किसी व्यक्ति विशेष या फिर जाति विशेष को नीचा दिखाने का कोई मकसद नहीं है। दोनों पक्षों का तर्क सुनने के बाद पंचायत के मौजिज लोगों ने फैसला लिया कि सामाजिक ताने-बाने व आपसी सौहार्दपूर्ण माहौल न बिगड़े इसके लिए फिलहाल सांसद सैनी का गांव दूबलधन में जनसभा करना ठीक नहीं है। फिलहाल इस जनसभा को अगले दो माह के लिए टाल दिया जाए। लेकिन जैसे ही माहौल ठीक होता है तो फिर जनसभा कर ली जाए उसमें किसी को कोई एतराज नहीं होगा। यहां बता दें कि सांसद सैनी की गांव दूबलधन में होने वाली जनसभा को लेकर गांव दो भागों में बंटा हुआ था। लेकिन आपसी भाईचारा न बिगड़े इसके लिए गांव के गणमान्य लोग पिछले दो रोज से प्रयास कर रहे थे। आखिरकार सोमवार को यह प्रयास सिरे चढ़े और फिलहाल सांसद सैनी की जनसभा को अगले दो माह तक के लिए टाल दिए जाने का फैसला लिया गया।