अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि आगामी शिक्षण सत्र के गांव खानपुर खुर्द के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान व वाणिज्य संकाय की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। उन्होंने यह बात गांव खानपुर खुर्द में ग्रामीणों की ओर से रखी गई मांग पर कही।
शिक्षा मंत्री मंगलवार को गांव खानपुर खुर्द में स्व. पंडित प्यारे लाल शर्मा की रस्म क्रिया में भागीदारी करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ मार्केट कमेटी बेरी के चेयरमैन मनीष नंबरदार दुजाना भी थे। राम बिलास शर्मा ने पंडित प्यारे लाल शर्मा को एक संत व भक्त इंसान बताते हुए भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को चंडीगढ़ में कैबिनेट की बैठक है लेकिन स्व. प्यारे लाल शर्मा की आत्मा की शांति व इलाके की सरदारी का दर्शन करना जरूरी था। स्व. प्यारे लाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शिक्षा मंत्री ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों का हाल-चाल भी जाना और उनकी समस्याएं भी सुनी।