अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के जींद दौरे का जाटों द्वारा विरोध किए जाने की घोषणा करने के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। रैली में भाजपा कार्यकर्त्ताओं की संख्या को बढ़ाने के लिए शुक्रवार को पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल ढांडा पर्यवेक्षक के तौर पर झज्जर पहुंचे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर प्लान तैयार किया है कि वे किस प्रकार से एक बूथ से दस बाइक रैली में लेकर जाएंगे।
वहीं, जाट नेताओं ने भी शाह की मुखालफत के लिए पूरी कमर कस ली है। जाट नेता जितेंद्र बबला का दावा है कि जिले से एक हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में जाट समुदाय के लोग जींद पहुंचेंगे। वहीं, प्रशासन ने भी तनाव की स्थिति को देखते हुए वीरवार को ही डेमो कर लिया था, जिसका निरीक्षण स्वयं एसएसपी बी सतीश बालन ने किया था।
हर बूथ से बाइकों पर जाएंगे कार्यकर्त्ता : ढांडा
जींद में 15 फरवरी को होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की युवा हुंकार रैली की तैयारियों को लेकर झज्जर विधानसभा की बैठक पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा ने ली। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल ने की। बैठक में विधानसभा प्रभारी विधायक महिपाल ढांडा ने कार्यकर्ताओं को रैली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने झज्जर विधानसभा के 166 बूथ से 10 बाइक हर बूथ से रैली में पहुंचाने का लक्ष्य रखा। इस दौरान जिला प्रभारी वीर कुमार यादव, प्रदेश महामंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा डॉ. धर्मेंद्र खेड़ी खातीवास, विस्तारक सुशील बाल्यान, कर्मबीर यादव आदि उपस्थित रहे।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में जींद जाएंगे जाट : बबला
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के जिला प्रधान जितेंद्र उर्फ बबला रईया ने शुक्रवार को बताया कि जिले से एक हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में जाट समुदाय के लोग पहुंचेंगे। बबला ने कहा कि जाट समुदाय के लोग खुलकर शाह का विरोध करेंगे। अगर प्रशासन के द्वारा उन्हें रास्ते में रोका गया तो वे वहीं पर धरना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि जाट समुदाय के लोग शांतिपूर्वक तरीके से अपने हक को लेना चाहते हैं लेकिन भाजपा सरकार बार-बार वायदे करके मुकर रही है। ऐसे में सरकार को वे दिखा देना चाहते हैं कि जाट समुदाय के लोग हक की लड़ाई के लिए पीछे हटने वालों में नहीं हैं। बबला ने कहा कि शुक्रवार तक जिले में 300 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है।
वर्जन
तनाव की स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रक टुकड़ी का गठन कर डेमो कर लिया है। जिला पुलिस किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से सक्षम है। जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
- बी सतीश बालन, एसएसपी, झज्जर।