जैविक खेती के गुर लेकर लौटे किसान क्लब के प्रतिनिधि
चरखी दादरी।
नाबार्ड की ओर से प्रायोजित और ग्रामीण विकास मंडल की ओर से संचालित 15 किसान क्लबों के बीस प्रतिनिधि माउंट आबू में आयोजित सम्मेलन में भाग लेकर लौट आए हैं। इन किसानों ने ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा यौगिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय प्रगति का आधार सशक्त किसान विषय से समृद्ध गांव सम्मेलन में कादमा सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी वसुधा के नेतृत्व में भाग लिया।
सम्मेलन से लौटे कुब्जानगर किसान क्लब के पूर्व सरपंच दलबीर सिंह व दयानंद तथा बरसाना किसान क्लब के मुख्य संयोजक आनंद प्रकाश व विरेंद्र सिंह ने बताया कि देश में जैविक खेती का काम बड़ी तेजी से फैल रहा है। यह किसान और ग्राहक दोनों के हित में हैं। ब्रह्माकुमारी वसुधा ने बताया कि आगामी मई मास में अपने क्षेत्र में यौगिक खेती को लेकर बड़ा कार्यक्रम करने का संकल्प है। नमो
फूड निदेशक प्रकाश आर्य व श्योपाल सिंह ने कहा कि इस सम्मेलन के अनुभवों से जैविक कृषि का हमारा अभियान अधिक कारगर सिद्ध होगा। कप्तान विरेंद्र सिंह और रामबास किसान क्लब प्रधान विनोद ने कहा कि देश भर में प्रगतिशील किसान इस दिशा में काफी आगे निकल चुके हैं। हरियाणा में इस अभियान को गति देना हमारा प्रयास रहेगा। 15 से 18 दिसंबर तक आबू रोड स्थित शांतिवन में आयोजित ग्रामीण विकास और किसान नामक कार्यक्रम में देश व नेपाल के विभिन्न हिस्सों से आये किसान लीडरों ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन ने ब्रह्माकुमारी संस्था की इस पहल का स्वागत करते हुए प्रतिभागी किसानों के सम्मुख केंद्र सरकार की विभिन्न किसान समृद्धि कार्यक्रमों की चर्चा की।