सीवरेज लीक, विभाग सुस्त, बीमारियां फैलने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
बस स्टैंड रोड स्थित पुरानी एलआईसी वाली गली में सीवरेज ओवरफ्लो होने से आमजन को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। शहर की पाश कालोनी माने जाने वाली एमसी कालोनी के हालात भी इससे जुदा नहीं है। दोनों ही जगह सीवरेज ओवरफ्लो होने से दुर्गंधमय दूषित पानी सड़क पर मौजूद है। वहीं, जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बार-बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे। विभागीय सुस्ती के चलते जहां एक तरफ आमजन में रोष पनप रहा है तो वहीं, दुर्गंधमय पानी सड़क पर जमा रहने से बीमारियां फैलने का अंदेशा भी है।
शहर कि पुरानी एलआईसी वाली गली में जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते सीवर व्यवस्था ठप हो चुकी है। सीवरेज ओवरफ्लो होने से आमजन को दिक्कतें उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी रणसिंह, राज, दीपचंद, राजेश, अशोक, महा सिंह, मंजीत, प्रवीन ने बताया कि करीब पिछले दो सप्ताह से यहां सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या बनी हैं और दूषित पानी गली में फैला हुआ हैं। इस कारण एक तरफ लोगों के आवागमन में समस्याएं आ रही हैं तो वहीं दुकानदारों का फेस्टिवल सीजन में कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। मौजूदा हालातों में तो आमजन का गली में निकलना दुर्भर बना हुआ है। लोगों ने बताया कि इस समस्या के बारे में कई बार अधिकारियों को अवगत करा चुके है लेकिन कोई सुधार नही हो रहा है। लोगों ने विभाग से जल्द ही इस समस्या के समाधान की मांग की है। एमसी कालोनी में टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली में भी पिछले करीब एक सप्ताह से मुख्य सड़क पर बना सीवरेज ओवरफ्लो कर रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान करने में सफल नहीं हुआ है जबकि यह समस्या पिछले करीब दो सालों से नियमित अंतराल पर बनी ही रहती है। सीवरेज ओवरफ्लो करने से यहां बनी इंटरलॉकिंग गली भी क्षतिग्रस्त हो रही है।
बार-बार की शिकायतें, नही हुआ समाधान
एलआईसी वाली गली में पिछले काफी समय से सीवर ओवरफ्लो है। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभाग को अवगत कराने के बाद भी इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है। - दीपचंद, स्थानीय निवासी
यहां सीवर ओवरफ्लो होने से वातावरण दुर्गंधमय बना रहता है। विभागीय अनदेखी से आमजन में रोष के साथ-साथ बीमारियां फैलने का अंदेशा भी बना है। गली में गंदा पानी जमा होने से लोगों को इस गली से निकलना दुर्भर हो गया है। - महा सिंह, एलआईसी वाली गली निवासी
एमलआईसी वाली गली में विभागीय लापरवाही के चलते सीवरेज व्यवस्था ठप हो चुकी है। गली में दूषित पानी जमा है जिस पर मच्छर पनपने से बीमारियां फैलने का भय भी है। विभाग को समस्या का समाधान जल्द कराना चाहिए। - मंजीत, स्थानीय निवासी
सीवर ओवरफ्लो की समस्या से विभागीय अधिकारियों को कई दफा अवगत करवा चुके हैं लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा। आमजन की समस्याओं को विभागीय अधिकारी नजरअंदाज कर रहे हैं। - प्रवीन, एलआईसी वाली गली निवासी