अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
स्वच्छता समरसता संदेश यात्रा रविवार को झज्जर पहुंची। स्वच्छ भारत मिशन, हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र की अगुवाई में झज्जर पहुंचने पर लघु सचिवालय में नपा चेयरमैन कविता नंदवानी के पति उमेश नंदवानी ने प्रतिनिधि के तौर पर उनका स्वागत किया। कान्फ्रेंस हाल में मौजूद भाजपाइओं और अधिकारियों का परिचय लेने के बाद जागरुकता रैली शुरू की गई। लघु सचिवालय से बमुश्किल 500 मीटर दूरी पर स्थित राव तुलाराम चौक पर इस रैली का समापन कर दिया गया। वहीं यहां पर भी अलग ही नजारा देखने को मिला। नपा द्वारा उस सड़क को सफाई के लिए चुना गया, जोकि पहले से ही साफ थी। इस पर श्रमदान के लिए स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र व उनके साथ 65 स्वयंसेवकों ने पॉलिथीन उठाकर औपचारिकता निभाई। नपा के द्वारा सफाई के लिए मंगवाई गई झाडू कोई काम नहीं आई।
खिसक गए चेयरमैन प्रतिनिधि
नपा चेयरमैन के प्रतिनिधि उमेश नंदवानी ने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र का लघु सचिवालय में स्वागत किया व केवल स्वच्छता जागरुकता रैली में हिस्सा लिया। राव तुलाराम चौक पर जैसे ही कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र सफाई के लिए दस्ताने पहनने लगे तो इसी दौरान नपा चेयरमैन के प्रतिनिधि उमेश नंदवानी व उनके साथ आए दो महिला पार्षदों के पति कमल सैनी व नेत्रपाल सैनी भी मौके से खिसक गए।
29 को करनाल पहुंचेगी यात्रा
स्वच्छता समरसता संदेश यात्रा झज्जर से पहले हरियाणा के 17 जिलों का दौरा कर चुकी है और झज्जर के उपरांत रोहतक, सोनीपत, पानीपत होते हुए 29 जून को करनाल पहुंचेगी। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने पंचकूला से 8 जून को हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया था। इस यात्रा में राज्य के विभिन्न जिलों से 65 स्वच्छता प्रेमी शामिल हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के उपरांत कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत भी की। इस दौरान उनके साथ उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण, सीटीएम विजय सिंह, तहसीलदार मनमोहन सिंह तथा डीएसपी राजीव भी मौजूद रहे। वहीं जागरूकता रैली के दौरान स्वच्छता समरसता यात्रा के संयोजक रविंद्र सिंह, मीडिया कोआर्डिनेटर तेजिंद्र बिडलान, ललित, संदीप, सचिन, सुमित, मनीष, महाबीर शास्त्री, सत्यवान, विकास, पंकज आदि के साथ ही नपा चेयरपर्सन प्रतिनिधि उमेश नंदवानी, नपा सचिव नरेंद्र सैनी, डॉ. धमेंद्र बबलू, स्वच्छ भारत मिशन की जिला संयोजन मीनू, नगर पार्षद महेंद्र वर्मा, कमल सैनी, नेत्रपाल सैनी आदि उपस्थित रहे।
झाडू लगाने की बारी आई तो खिसक गए चेयरमैन और पार्षद प्रतिनिधि
-साफ मिली सड़क तो पॉलिथीन उठाकर निभाई सफाई की औपचारिकता
-स्वच्छता समरसता संदेश यात्रा के आगमन पर हुआ कार्यक्रम
फोटो संख्या-4 से 10