झज्जर। प्रदेश के राशन कार्ड धारकों के राशन पर एक बार फिर कैंची चली है। परिवार पहचान पत्र में इनकम बढ़ने, बिजली बिल ज्यादा आने, प्रॉपर्टी जोड़ने सहित अन्य कारणों के चलते 80,426 परिवारों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं। जिले में 2,180 परिवारों के राशन कार्ड कटे हैं।
इसमें फरीदाबाद जिले में सबसे अधिक 8,159 परिवारों के राशन कार्ड कटे हैं। प्रदेश के 80,426 परिवारों को मार्च माह में राशन नहीं मिलेगा। इन परिवारों के 3,28,967 सदस्य सरकारी राशन के पात्र नहीं रहेंगे। खाद्य आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार फरवरी में प्रदेश में 40,68,581 राशन कार्ड धारक थे।
इसमें एएवाई राशन कार्ड धारकों की संख्या 3,00776 और एसबीपीएल राशन कार्ड धारकों की संख्या 37,67,805 थी। मार्च माह के लिए जारी सूची में प्रदेश में राशन कार्ड धारकों की संख्या अब घटकर 39,88,155 रह गई है जिसमें 2,93,746 एएवाई और 36,94,409 एसबीपीएल कार्ड धारकों की संख्या है।
यानी मार्च माह में कुल 80,426 परिवारों को राशन नहीं मिलेगा जिसमें 7,030 एएवाई और 73,396 एसबीपीएल परिवार शामिल हैं।
इस बार सबसे ज्यादा राशन कार्ड फरीदाबाद जिले में कटे हैं। यहां पर 8159 परिवारों के राशन कार्ड काटे गए हैं। इसी प्रकार से हिसार जिला हैं, जहां पर 6587 परिवारों के राशन कार्ड कटे हैं और तीसरे नंबर पर मेवात जिला है, जहां पर 5786 परिवारों के राशन कार्ड कटे हैं।
कई मानकों पर देखी जाती है आय
परिवार पहचान पत्रों में आय के अनुसार ही लोगों के एएवाई और एसबीपीएल राशन कार्ड बनते हैं। इसके लिए परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय एक लाख 80 हजार तय की गई है। इसमें अब बिजली बिल, मकान या प्लॉट, चार पहिया वाहन, सरकारी नौकरी, आईटीआर भरना, तय मानक से ज्यादा प्रॉपर्टी, फसल बेचने सहित कई बिंदु हैं, जिस पर राशन कार्ड कट जाता है।
माह अनुसार राशन कार्डों का ब्योरा
माह कुल कार्ड एएवाई कार्ड एसबीपीएल कार्ड
नवंबर 4066770 302128 3764642
दिसंबर 4069098 301735 3767363
जनवरी 4068958 301700 3767258
फरवरी 4068581 300776 3767805
मार्च 3988155 293746 3694409
किस जिले में कितने परिवारों के कटे राशन कार्ड
अंबाला 1035
भिवानी 4314
चरखीदादरी 1535
फरीदाबाद 8159
फतेहाबाद 2146
गुरुग्राम 2399
हिसार 6587
झज्जर 2180
जींद 5603
कैथल 4475
करनाल 4547
कुरुक्षेत्र 3161
महेंद्रगढ़ 2951
मेवात 5786
पलवल 4591
पंचकूला 2605
पानीपत 1472
रेवाड़ी 3065
रोहतक 2884
सिरसा 3393
सोनीपत 4302
यमुनानगर 3234
वर्जन
परिवार पहचान पत्र में आय के अनुसार ही लोगों के राशन कार्ड बनते हैं। एक लाख 80 हजार से कम आय होने पर बीपीएल राशन कार्ड बनते हैं। इसके अलावा अन्य योजनाओं का ही लाभ मिलता है। जिनकी आय ज्यादा हो जाती है उनके राशन कार्ड ऑटोमेटिक कट जाते हैं। किसी का गलत राशन कार्ड नहीं काटा जाता।
डॉ. सतीश खोला, स्टेट कोर्डिनेटर, परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण