बहादुरगढ़। शहर के छोटूराम नगर के पास बसी पीवीसी मार्केट में नगर परिषद की ओर से तीन दिन बाद वीरवार को फिर कार्रवाई की है। इस दौरान करीब 16 एकड़ में 80 से ज्यादा कब्जों को हटाया गया। अब भी यहां कई एकड़ में दुकानें बनाकर कब्जा की हुआ है। इनमें कई टन प्लास्टिक का कबाड़ पड़ा हुआ है। नगर परिषद के अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि वे या तो यहां से अपनी दुकान व सामान उठा ले जाएं वरना तीन नवंबर के बाद पुलिस फोर्स के साथ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों का सामान जब्त कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पहले टीकरी बार्डर के पास पीवीसी मार्केट थी। करीब दो साल चली कार्रवाई के बाद उसे कुछ माह पहले हटाया गया है। अब छोटूराम नगर में काफी समय से पीवीसी मार्केट बनी हुई थी। पीवीसी मार्केट प्रदूषण का बड़ा कारण बन रही है। यहां पर प्लास्टिक के कबाड़ को साफ किया जाता है। कई बार इसमें आग लगने की वजह से प्रदूषण फैलता है। साथ ही कृषि योग्य जमीन को एक कबाड़ में तब्दील कर दिया गया था। परिषद प्रशासन की ओर से इससे पहले 26 अक्तूबर को जेसीबी की मदद से 100 से ज्यादा कब्जों को खाली करवाया था।
पीवीसी मार्केट में वीरवार को कार्रवाई करते हुए 80 से ज्यादा कब्जों को हटाया गया है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वे अपनी दुकान व सामान को खुद हटा लें। तीन नवंबर के बाद पुलिस की मदद से सामान जब्त कर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।
- अमन राठी, एमई, नगर परिषद, बहादुरगढ़।