बेरी। दिल्ली जल बोर्ड में नौकरी लगवाने के नाम पर दंपती पर 7.5 लाख रुपये ठगी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। गांव बेरी निवासी बलवान सिंह ने केस दर्ज कराया है।
बलवान सिंह ने पुलिस में शिकायत दी है कि ब्रहमप्रकाश निवासी, धर्मपुरा, नजफगढ तथा उसकी पत्नी दोनों ने मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है। ब्रहमप्रकाश व उसकी पत्नी ने उसके पुत्र जलकरण को दिल्ली जल बोर्ड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके बदले 10 लाख रुपये की डिमांड रखी थी, लेकिन उसके पास पूरे रुपये नहीं थे। उन्होंने 7 लाख 50 हजार रुपये ब्याज पर लेकर ब्रहमप्रकाश व उसकी पत्नी को दिए। उन्होंने कहा था कि यदि नौकरी नहीं लगी तो उनके रुपये ब्याज सहित रुपये वापिस कर देंगे, लेकिन अब काफी समय बीत जाने पर भी वह हमारे रुपये वापिस नहीं दे रहे हैं। बार- बार रुपये मांगने पर इन्होंने उसे फर्जी चेक दिए। ब्रहमप्रकाश व उसकी पत्नी ने उससे कहा कि अगर तुमने हमारे खिलाफ कोई कार्रवाई की तो जान से मार देंगे। पुलिस ने शिकायत पर दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।