बहादुरगढ़। शिक्षा नियमावली 134ए के तहत शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रोल नंबर वितरण प्रक्रिया हुई। देर शाम तक लगभग 60 प्रतिशत आवेदकों को रोल नंबर दिए गए। शेष बचे आवेदकों को शनिवार को रोल नंबर दिए जाएंगे। वहीं परीक्षा केंद्र भी घोषित कर दिए गए हैं। बहादुरगढ़ के तीन परीक्षा केंद्रों में तीन हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। किला मोहल्ला स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दोपहर तीन बजे रोल नंबर वितरण प्रक्रिया शुरू हुई। रोल नंबर लेने के लिए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की काफी भीड़ उमड़ी हुई थी। इस योजना का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थी और उनके अभिभावक गर्मी के इस मौसम में घंटों तक कार्यालय परिसर में खड़े रहे। दरअसल, पिछली बार महज 1600 से आवेदन आए थे, जबकि इस बार 3595 आवेदन हैं। देर शाम सात बजे तक भी रोल नंबर वितरण कार्य पूरा नहीं हो सका। महज 60 प्रतिशत आवेदकों को ही रोल नंबर अलॉट किए जा सके। अब शेष बजे आवेदकों को शनिवार को रोल नंबर दिए जाएंगे। नोडल ऑफिसर रवि धनखड़ ने कहा कि इस बार अभिभावकों और छात्रों ने 134ए के प्रति काफी रुचि दिखाई है।
इन स्कूलों में होगी परीक्षा
बहादुरगढ़ खंड में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 14 अप्रैल को परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें बीएसएम पब्लिक स्कूल में कक्षा दूसरी से चौथी के 1317 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। श्रीरामा भारती स्कूल पटेल नगर में पांचवीं से आठवीं के 1704 तो डीएस आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नौंवीं से 12वीं के 454 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
इन कक्षाओं के लिए इतने आवेदन आए
कक्षा दूसरी में दाखिला पाने के लिए 482, तीसरी के लिए 420, चौथी के लिए 415 व पांचवीं के लिए 469 आवेदन आए हैं। कक्षा छठी के लिए 471, सातवीं के लिए 373, आठवीं के लिए 391 आवेदन आए हैं। इसी तरह नौवीं कक्षा के लिए 298, दसवीं के लिए 128, 11वीं के लिए 120 और बारहवीं कक्षा में प्रवेश लेने के लिए 28 बच्चों ने आवेदन किया। कुल मिलाकर 3595 आवेदन आए। चूंकि अभी दसवीं का रिजल्ट नहीं आया है, इसलिए 11वीं के लिए आए 120 आवेदनों को अभी रिजर्व रखा गया है। कुल मिलाकर फिलहाल 3475 विद्यार्थियों को रोल नंबर दिए जाने हैं। जबकि 152 स्कूलों में 4630 सीट रिक्त हैं।
ये है शेड्यूल
13 अप्रैल को शेष आवेदकों को रोल नंबर दिए जाएंगे और 14 को परीक्षा होगी। 18 अप्रैल को रिजल्ट आएगा। इसके बाद 19 अप्रैल को खंड स्तर पर ड्रॉ होगा। 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक दाखिले किए जाएंगे। यदि सीट बचती हैं तो 25 अप्रैल को फिर से ड्रॉ होगा और 29 अप्रैल से एक मई तक एडमिशन प्रक्रिया चलेगी। दो ड्रॉ होने के बावजूद भी सीटें बचती हैं तो 6 मई को जिला स्तर पर ड्रॉ होगा।