अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव चरखी स्थित एससीआर स्कूल के खेल मैदान में तीसरे श्योसिंह मेमोरियल क्रिकेट मैच में दादरी क्रिकेट क्लब ने छह विकेट से शानदार जीत हासिल की। प्रत्येक वर्ष आयोजित इस स्पर्धा के तहत क्षेत्र के वरिष्ठ क्रिकेटरों ने एक बार फिर अपने खेल से उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
पहले टास जीतकर प्रभात क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित बीस ओवर में टीम ने 102 रन बनाकर जीत के लिए प्रतिद्वंद्वी टीम को 103 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दादरी क्रिकेट क्लब की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। जवाबी बल्लेबाजी कर टीम के खिलाड़ियों ने 18 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया। विधायक राजदीप फौगाट को आलराउंडर प्रदर्शन के लिए मैन आफ द सीरीज से नवाजा गया। उन्होंने बल्ले से 21 रन का योगदान दिया तो मात्र चार ओवर की किफायती गेंदबाजी के दौरान 14 रन खर्च कर विपक्षी टीम के तीन विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बैट्समैन का खिताब गुड्डू को मिला। राजेश खन्ना को बेस्ट बॉलर चुना गया और उन्होंने तीन ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट हासिल किए। प्रभात क्रिकेट क्लब के कप्तान मनोज वर्मा को बेस्ट फिल्डर के खिताब के साथ-साथ उपविजेता के तौर पर दिलीप सिंह मेमोरियल ट्रॉफी दी गई। नप चेयरमैन संजय छपारिया और बीएन वर्मा ने वरिष्ठ खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कैप्टन विनोद तंवर, बलवंत कौशिक, संजीव जैन, राजेंद्र यादव, नत्थूराम, प्रेम, हंसराज, राकेश भारद्वाज, पवन वशिष्ठ, अजय लांबा, मास्टर रविंद्र सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे।