अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। सीबीएसई बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा 7 मार्च से शुरू होगी। वीरवार को पहला पेपर गणित विषय का होगा। परीक्षा में बहादुरगढ़ ब्लॉक के करीब 22 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं पर नजर रखने के लिए पर्यवेक्षकों और पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 3 अप्रैल को तो दसवीं की परीक्षाएं 29 मार्च को संपन्न होगी। बहादुरगढ़ में दसवीं की परीक्षा शांति पूर्ण संपन्न कराने के लिए कई परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीबीएसई की ओर से बनाए गए परीक्षा केंद्रों में बराही रोड स्थित त्रिवेणी स्कूल, पटेल नगर के नजदीक स्थित सेंट थॉमस स्कूल, सेक्टर-2 के नजदीक स्थित मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दिल्ली-रोहतक रोड स्थित बाल भारती स्कूल के अलावा एसआर सेंचुरी स्कूल शामिल हैं। परीक्षाओं में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए स्कूल संचालकों की ओर से समस्त तैयारियां कर ली गई हैं।
केंद्र पर 10 बजे तक पहुंचे विद्यार्थी
विद्यार्थियों को 10 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। यदि कोई विद्यार्थी देरी से केंद्र पर पहुंचता है तो उसे सीबीएसई की ओर से दिए गए नियमों के अनुसार केंद्र में दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफार्म में भी पहुंचना अनिवार्य है। वीरवार से शुरू हो रही दसवीं की परीक्षाओं में पहला पर्चा गणित का होगा। वहीं 13 मार्च को विज्ञान, 16 को संस्कृत, 19 को हिंदी, 23 को अंग्रेजी और 29 मार्च को सोशल साइंस विषय की परीक्षा होगी।