अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। लोगों को घर में गैस सिलिंडर रखने और सिलिंडर की हर माह होने वाली बुकिंग के झंझट से मुक्ति दिलाने की दिशा में बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र को पीएनजी पाइप लाइन से जोड़े जाने की प्रक्रिया विधायक नरेश कौशिक ने शुरू कर दी है। शहर के लोगों की सुविधा व जनभावनाओं को मद्देनजर रखते हुए विधायक नरेश कौशिक ने वीरवार को दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पीएनजी पाइप लाइन योजना में बहादुरगढ़ शहर को शामिल करने का प्रस्ताव रखा। जिस पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने उन्हें जल्द पीएनजी पाइप लाइन डलवाने का आश्वासन दिया। विधायक ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र देश की राजधानी दिल्ली से सटा हुआ है और घरेलू गैस उपभोक्ताओं के करीब एक लाख से अधिक गैस कनेक्शन एलपीजी पर निर्भर हैं। औद्योगिक क्षेत्र के रूप में बढ़ते बहादुरगढ़ शहर को पीएनजी पाइप लाइन से जोड़ते हुए उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि योजना के लिए मंत्रालय की ओर से सर्वे कार्य भी किया जा चुका है। साथ ही नगरपरिषद बहादुरगढ़ द्वारा अपनी बैठक में इस विषय के बारे में प्रस्ताव की स्वीकृति भी दी जा चुकी है। विधायक कौशिक ने कहा कि पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी प्रोजेक्ट हलके के विकासात्मक कदम में काफी सहयोगी बनेगा और लोगों के घरों में एलपीजी कुकिंग गैस की सप्लाई की अपेक्षा पीएनजी की सप्लाई शुरू करवाने की पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि एलपीजी की ही तरह पीएनजी भी एक नेचुरल गैस होती है। यह मिथेन गैस में कार्बन की मात्रा हाइड्रोजन की तुलना में कम होती है, इसलिए यह पूरी तरह जल जाती है। इसके प्रयोग से हादसों की संभावना कम होती हैं और एलपीजी के मुकाबले यह काफी हद तक सुरक्षित भी है। इस मौके पर बहादुरगढ़ निगरानी समिति अध्यक्ष महेश कुमार, दिनेश शेखावत, पालेराम शर्मा, सुरेंद्र भारद्वाज भी मौजूद रहे।