अमर उजाला ब्यूरो
बादली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बाढ़सा स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह की तैयारियों के मद्देनजर शुक्रवार को एम्स उप निदेशक प्रशासन सुभाशिष पांडे व उपायुक्त सोनल गोयल ने संस्थान परिसर का दौरा किया और अधिकारियों दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से संस्थान प्रबंधन को पूरा सहयोग दिया जा रहा है और मंगलवार को होने वाले उद्घाटन समारोह में बाढ़सा संस्थान परिसर में पूरी व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कांफ्रेंसिंग की पूरी तैयारी निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उपायुक्त ने अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर एसडीएम त्रिलोकचंद्र, एम्स की ओर से डॉ. एंजेल, डॉ. राकेश प्रभु, एसई बिजली संदीप जैन, एसई जन स्वास्थ्य विभाग जगबीर मलिक, रोडवेज महाप्रबंधक महताब सिंह खर्ब, डीआरओ मनबीर सांगवान, डीएसपी सुरेश कुमार व डीआईओ अमित बसंल सहित इंजीनियर पावर ग्रिड अनिल कादियान भी मौजूद रहे।